
इन्दौर शिक्षा विभाग भारत सरकार ने भारतीय ज्ञान परम्परा (IKS) के अध्ययन / अनुसंधान को विकसित करने हेतु देश भर में 12 केन्द्रों की स्थापना की है। इस कम में भारतीय गणित के अभिन्न अंग जैन गणित के विशिष्ट अध्ययन हेतु विख्यात गणित इतिहासज्ञ एवं डाटा विज्ञान तथा पूर्वानुमान अध्ययनशाला के आचार्य डॉ. अनुपम जैन के नेतृत्व में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इन्दौर की डाटा विज्ञान एवं पूर्वानुमान अध्ययनशाला में भारतीय ज्ञान परम्परा-जैन गणित केन्द्र की स्थापना की गई है। इस राष्ट्रीय केन्द्र के अन्तर्गत जैन गणित के विकास की पृष्ठभूमि उद्देश्य, मूलस्रोत, मौलिकताओं, अवदानों तथा अप्रकाशित / अनुपलब्ध ग्रंथों पर स्रोत ग्रंथ का सृजन करने के साथ ही जैन गणितज्ञों के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को प्रचारित करने के उद्देश्य से प्रदर्शनी कार्यशालाओं, संगोष्ठियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जायेगा।
इस प्रतिष्ठित केन्द्र की स्थापना देवी अहिल्या वि.वि. इन्दौर में किये जाने का स्वागत करते हुए कुलपति प्रो. रेणु जैन, डाटा विज्ञान के विभागाध्यक्ष प्रो. गुप्ता एवं अन्य वरिष्ठ प्राध्यापकों ने प्रो. जैन को बधाई दी एवं आशा व्यक्त की उनके सुदीर्घ शोध अनुभव से इस विषय को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करना शक्य होगा।
प्रो. अनुपम जैन ने बताया कि इसी माह इस केन्द्र का विधिवत संचालन प्रारम्भ कर दिया जायेगा तथा प्राचीन जैन गणितीय पांडुलिपियों की प्रदर्शनी भी 2023 की प्रथम तिमाही में ही आयोजित की जायेगी।
