
मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां करंट की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई है. खेत में भूसा भरने के दौरान एक भाई को करंट लग गया, जिसे बचा रहा दूसरा भाई भी चपेट में आ गया. घटना के बाद से घर में मातम पसरा हुआ है.
पूरा मामला जिला मुख्यालय की सीमा से कोतवाली थाना क्षेत्र के हिरापुर टपरियन का है. मिली जानकारी के अनुसार भोलू यादव उम्र करीब 20 वर्ष और अज्जू यादव उम्र करीब 18 वर्ष खेत में भूसा भर रहे थे. इसी दौरान करंट की चपेट में आ गए. जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई.

हालांकि दोनों भाइयों को परिजन आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गए थे, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना के बाद से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है.
