
इंदौर । हनुमान जयंती के अवसर पर कल शनिवार को इंदौर से 600 नागरिकों का दल भगवान राम लला के दर्शन के लिए अयोध्या जाएगा । इन नागरिकों के द्वारा विधायक संजय शुक्ला के नेतृत्व में अयोध्या यात्रा की जाएगी ।
विधायक शुक्ला के द्वारा हर महीने अपने विधानसभा क्षेत्र के 1 वार्ड के 600 नागरिकों को अयोध्या की यात्रा करवाई जा रही है । इस कड़ी में अब बारी वार्ड क्रमांक 6 की है । इस वार्ड के 600 नागरिक कल हनुमान जयंती के मौके पर रामलला के दर्शन के लिए रवाना होंगे । कल सुबह 10:00 बजे श्री राम मंदिर पच कुइयां में सभी नागरिक एकत्र होंगे । वहां पर भगवान राम का और हनुमान जी का पूजन किया जाएगा । इसके बाद में पंचकुइया से शोभायात्रा के रूप में सभी नागरिक रेलवे स्टेशन के लिए रवाना होंगे । स्टेशन से इन नागरिकों के द्वारा अयोध्या के लिए कूच किया जाएगा ।
विधायक शुक्ला के द्वारा आयोजित की जा रही इस यात्रा में सभी यात्रियों के आने-जाने ठहरने खाने-पीने घूमने की व्यवस्था की गई है । लगातार हर महीने इस तरह की यात्रा का आयोजन किया जा रहा है ।
अब जुलाई से काशी यात्रा भी
विधायक शुक्ला ने बताया कि हर महीने चल रही इस यात्रा में थोड़ा रद्दोबदल किया जा रहा है । इस परिवर्तन के अनुसार जुलाई महीने से जाने वाली यात्रा में यात्रियों को अयोध्या में रामलला के दर्शन के साथ ही काशी में काशी पति विश्वनाथ के दर्शन भी होंगे । यह यात्रा अयोध्या से वाराणसी पहुंचेगी और वहां पर दर्शन करने के उपरांत यात्री वापस इंदौर आएंगे ।

