
- अधिकारियों के अनुसार अगर तीसरी लहर आती है तो अस्पताल में मरीजों को ऑक्सीजन की कमी नहीं होगी।
जिले के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल बीके में तैयार किए गए ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन पीएम नरेंद्र मोदी 7 अक्टूबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए करेंगे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इसकी तैयारियां की जा रही हैं। अधिकारियों के अनुसार पीएम सुबह 10 बजे उद्घाटन करेंगे।
एक हजार लीटर प्रति मिनट ऑक्सीजन तैयार होगी
कोरोना की दूसरी लहर के दौरान ऑक्सीजन की जो गंभीर समस्या हुई थी उसे देखते हुए केंद्र व राज्य सरकार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने एक सरकारी संस्थान की मदद से इस प्लांट को तैयार किया है। इस प्लांट से अस्पताल को एक हजार लीटर प्रति मिनट ऑक्सीजन मिलेगी। इससे वेंटिलेटर व आईसीयू में भर्ती मरीजों को ऑक्सीजन की कमी नहीं होगी। मंगलवार को प्लांट पर तैयारियां की जा रही थीं। कर्मचारी व टेक्नीशियन प्लांट के बाकी बचे कार्यों को पूरा करने में लगे थे। सारा काम पूरा है। थोड़ा बहुत बाकी है। जो उद्घाटन से पहले पूरा हो जाएगा।
प्लांट के लिए एनएचपीसी ने पैसा खर्च किया है
जानकारी के अनुसार एनएचपीसी ने इस प्लांट को लगाने के लिए नोएडा की एक कंपनी को टेंडर दिया था। करीब 1 करोड़ 63 लाख 3500 रुपए से इसे तैयार किया गया है। प्लांट का कार्य मई से शुरू हुआ था, जो अब बनकर तैयार हो गया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है अगर तीसरी लहर आती है तो अस्पताल में मरीजों को ऑक्सीजन की कमी नहीं रहेगी। उदघाटन कार्यकऱ्म में केन्द्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, विधायक सीमा त्रिखा समेत अधिकांश विधायक मौजूद होंगे।
फरीदाबाद के सीएमओ डॉ. विनय गुप्ता ने बताया कि बीके अस्पताल में लगाए गए ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन पीएम नरेंद्र मोदी 7 अक्तूबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंगसे करेंगे। मंगलवार शाम को डीसी जितेंदऱ् यादव ने ऑक्सजीन प्लांट का निरीक्षण कर तैयारियां का जायजा लिया।

