
इंदौर के विजयनगर थाना क्षेत्र में एक होटल संचालक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार सुबह परिवार के लोगों को घटना की जानकारी लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें मृतक ने परिवार से माफी मांगते हुए अपनी मौत के लिए स्वयं को जिम्मेदार बताया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कुंदन पुत्र नाथूलाल शर्मा निवासी मालवीय नगर के रूप में हुई है। कुंदन अपने घर के नीचे ही होटल का संचालन करता था। रविवार रात वह परिवार के साथ समय बिताने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। सोमवार सुबह जब परिजन उसे उठाने पहुंचे तो वह कमरे में फंदे से लटका मिला। सबसे पहले उसके छोटे भाई ने उसे देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मानसिक तनाव में था कुंदन
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुंदन का नागदा निवासी शिवानी से वर्ष 2011 से प्रेम संबंध था और दोनों लंबे समय तक साथ रहे थे। परिजनों के अनुसार कुछ समय पहले दोनों का संबंध टूट गया था, जिसके बाद से कुंदन मानसिक तनाव में रहने लगा था।
परिवार ने पुलिस को बताया कि कुंदन के परिवार में पिता और दो भाई हैं। उसकी मां का कुछ समय पहले निधन हो चुका है।
हिसाब-किताब की कॉपी में मिला सुसाइड नोट
पुलिस को होटल के हिसाब-किताब की एक कॉपी में लिखा सुसाइड नोट मिला है। इसमें कुंदन ने अपने परिवार से माफी मांगी है। साथ ही उसने लिखा है कि उसे युवती से दूर करने वालों का “धन्यवाद” और अपनी मौत के लिए किसी अन्य को नहीं, बल्कि स्वयं को जिम्मेदार ठहराया है।
विजयनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
