
इंदौर के थाना सराफा क्षेत्र स्थित धनगली में करीब 30 साल पुराने सार्वजनिक शौचालय को तोड़े जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। व्यापारियों का आरोप है कि रविवार को बाजार बंद होने का फायदा उठाकर शौचालय को तोड़ दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में व्यापारी थाना सराफा पहुंचे और कार्रवाई की मांग करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। मौके पर पार्षद पति रामबाबू राठौर भी पहुंचे और व्यापारियों से चर्चा की।
पुलिस ने मामले में दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शौचालय तोड़े जाने से व्यापारियों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि यह शौचालय वर्षों से व्यापारियों और आसपास आने वाले लोगों की सुविधा के लिए उपयोग में था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
