
इंदौर के गांधी नगर थाना क्षेत्र में रविवार रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने तनाव का माहौल पैदा कर दिया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार वैष्णवी अग्रवाल की शिकायत पर सादिक उस्मान गनी निवासी नया बेसरा के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। वैष्णवी ने पुलिस को बताया कि सादिक आए दिन क्षेत्र में विवाद करता है। रविवार रात करीब 9 बजे वह घर से बाहर निकलकर उन्हें गालियां देने लगा। शोर सुनकर उनके पति और अन्य लोग बाहर आए तथा सादिक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसने विवाद बढ़ाते हुए वैष्णवी के पति के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद वैष्णवी और उनके पति गांधी नगर थाने पहुंचे, जहां उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई।
महिला पर डंडे से हमला किया
दूसरी ओर, पुलिस ने सादिक गनी की पत्नी की शिकायत पर वैष्णवी अग्रवाल और उनके पति कालूसिंह अग्रवाल के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता के अनुसार कालूसिंह अग्रवाल ने पहले उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और फिर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ में चोट आई। महिला का आरोप है कि जब उनके पति सादिक बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई, जिसके चलते बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। मौके पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई थी, जिसे पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर हटाया। देर रात दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
