अधिकारियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण कर शीघ्र लोकार्पण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
इंदौर जिले का पहला डबल कबड्डी कोर्ट बनेगा खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त

प्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं सांवेर विधायक श्री तुलसीराम सिलावट ने सांवेर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम डकाच्या में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन कबड्डी स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कर आगामी माह में स्टेडियम का लोकार्पण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री सिलावट ने स्टेडियम में खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को कबड्डी कोर्ट में उच्च गुणवत्ता की वुडन फ्लोरिंग, कबूतरों से सुरक्षा के लिए जाली, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, पर्याप्त एग्जॉस्ट पंखों की स्थापना तथा पेयजल की स्थायी व्यवस्था के लिए बोरिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्टेडियम का निर्माण इस प्रकार किया जाए कि यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए भी उपयुक्त हो।

मंत्री श्री सिलावट ने बताया कि ग्राम डकाच्या में निर्माणाधीन यह स्टेडियम इंदौर जिले का पहला डबल कबड्डी कोर्ट होगा, जो क्षेत्र के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर प्रदान करने तथा खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण परियोजना तैयार की जा रही है।
उन्होंने बताया कि स्टेडियम में लगभग 500 दर्शकों के बैठने की क्षमता विकसित की जा रही है। इसके साथ ही खिलाड़ियों के लिए आधुनिक चेंजिंग रूम, सुलभ एवं स्वच्छ शौचालय, पेयजल सहित अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। स्टेडियम के पूर्ण होने से क्षेत्र के खिलाड़ियों को अभ्यास एवं प्रतियोगिताओं के लिए उत्कृष्ट खेल अधोसंरचना उपलब्ध होगी और उन्हें बड़े स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
मंत्री श्री सिलावट ने अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं समय पर पूर्ण किए जाएं, ताकि खिलाड़ियों को शीघ्र ही इस आधुनिक खेल परिसर का लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान मंडल अध्यक्ष श्री रवि वाजपेयी, जिला पंचायत सदस्य श्री माखन पटेल, श्री हुकुम पटेल, श्री रमेश पटेल, श्री प्रहलाद पटेल, श्री घनश्याम पटेल, श्री गिरीश पटेल सहित जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

