इंदौर के उद्योगपति श्री गिरीश मतलानी ने ढ़ाई लाख रुपये से अधिक की दी मदद

सशस्त्र सेना झण्डा निधि में पूर्व सैनिकों, वीरनारियों, सैनिकों की विधवाओं एवं उनके आश्रितों के कल्याण एवं पुनर्वास की सहायता के लिए अभिनव पहल की गई है। सशस्त्र सेना झण्डा निधि में इंदौर के उद्योगपति एवं सोनिक बायोकोम, एक्सट्रैक्शन प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री गिरीश मतलानी ने 2 लाख 51 हजार रुपये की मदद का हाथ बढ़ाया। अवगत हो कि यह दान राशि पूर्व सैनिकों, वीरनारियों, सैनिकों की विधवाओं एवं उनके आश्रितों के कल्याण एवं पुनर्वास में राज्य सैनिक बोर्ड द्वारा उपयोग में ली जाती है।
इस सराहनीय योगदान के लिए जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कमांडर नगेश चंद्र मालवीय (सेवानिवृत्त) ने पूर्व सैनिको, वीर नारीओं एवं उनके आश्रित परिवारों की और से प्रबंध निदेशक श्री गिरीश मतलानी एवं महाप्रबंधक श्री सुरेश पाहुजा एवं संस्था का आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त की है।
उल्लेखनीय है कि सशस्त्र सेना झंडा दिवस में सहयोग राशि हेतु महामहिम राज्यपाल द्वारा अगले वर्ष मार्च अप्रैल 2027 में लोकभवन में आयोजित होने वाले विशेष सम्मान समारोह में प्रबंध निदेशक श्री गिरीश मतलानी एवं संस्था को सम्मानित किया जायेगा एवं सम्मान स्वरूप प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भी भेंट किया जायेगा।
