रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 29 मई एवं चॉइस फिलिंग की अंतिम तिथि 02 जून

शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए इंदौर जिले के शासकीय महिला पॉलीटेक्निक महाविद्यालय के सभी विभागों में एआईसीटीई एवं काउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर से संबंध डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में अर्हकारी परीक्षा के आधार पर प्रवेश प्रारंभ हो चुका है। प्रवेश हेतु न्यूनतम योग्यता कक्षा दसवीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। वर्तमान में संस्थान में चार इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग , फैशन टेक्नोलॉजी, आर्किटेक्चर एंड इंटीरियर डिजाइन एवं होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी संचालित किया जा रहे हैं। इन सभी पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया अध्यक्ष काउंसलिंग समिति, आयुक्त तकनीकी शिक्षा संचालनालय भोपाल द्वारा ऑनलाइन आयोजित की जा रही है। प्रथम चरण हेतु रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 29 मई 2026 है एवं इच्छित संस्था में चॉइस फिलिंग की अंतिम तिथि 02 जून 2026 है।
संस्था प्राचार्य श्रीमती विजया शिंदे द्वारा बताया गया कि यह इंदौर जिले का एकमात्र शासकीय महिला पॉलीटेक्निक महाविद्यालय है जो की न्यूनतम शिक्षण शुल्क रुपए 10 हजार रुपये मात्र प्रतिवर्ष पर छात्राओं को विभिन्न रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम उपलब्ध कराया जाता है। छात्राओं के व्यावसायिक एवं रचनात्मक विकास हेतु संस्था द्वारा समय-समय पर एक्सपर्ट लेक्चर, इंडस्ट्री विजिट, वर्कशॉप, इंटर्नशिप एवं सेमिनार का आयोजन किया जाता है। सर्वसुविधा युक्त एवं आधुनिक उपकरणों से लैस विभिन्न प्रयोगशालाओं द्वारा छात्राओं को प्रायोगिक ज्ञान प्रदान कराया जाता है। सभी विभागों की अंतिम वर्ष की छात्राओं हेतु प्रतिवर्ष ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा विभिन्न कंपनियों में छात्राओं का प्लेसमेंट कराया जाता है जिस कारण से विगत कई वर्षों में छात्राओं का डिप्लोमा पाठ्यक्रमों की ओर रुझान बढ़ा है। प्राचार्य द्वारा यह भी अवगत कराया गया है कि महाविद्यालय में प्रवेशित छात्राओं को राज्य एवं केंद्रीय सरकार द्वारा संचालित समस्त छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ दिया जाता है तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति की छात्राओं को स्टेशनरी एवं विशेष कक्षाओं का अतिरिक्त लाभ भी प्रदान किया जाता है। साथ ही संस्था परिसर में 100 छात्रों के रहने के लिए सुविधाजनक छात्रावास की व्यवस्था भी है।
