
देर रात एक कार ने पलासिया थाना में अफरा-तफरी मचा दी। पुलिसकर्मी समझ ही नहीं पाए और कार ने सिटी बस स्टॉप को तहस-नहस कर डाला।
कार ने बस स्टॉप को किया तहस-नहस
थाने की दीवार तोड़कर अंदर घुसी कार
हादसे के बाद चालक मौके से फरार
इंदौर। देर रात एक कार ने पलासिया थाना में अफरा-तफरी मचा दी। पुलिसकर्मी समझ ही नहीं पाए और कार ने सिटी बस स्टॉप को तहस-नहस कर डाला। इसके बाद कार थाने की दीवार तोड़कर थाने में जा घुसी। पुलिस अब कार सवारों को ढूंढने में जुटी है। परिवहन विभाग से कार मालिक की जानकारी मांगी है।
कब का है मामला
घटना गुरुवार रात करीब ढाई बजे की है। कार साकेत नगर की ओर से पलासिया चौराहा की ओर जा रही थी। जैसे ही थाने के सामने पहुंची, वह सिटी बस स्टॉप की तरफ मुड़ गई। रफ्तार इतनी तेज थी कि सिटी बस स्टॉप को हवा में उड़ा दिया।
इतने में भी कार रुकी नहीं और सीधे पलासिया थाना में जा घुसी। बस स्टॉप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और थाने की दीवार ढह गई। पुलिसकर्मी बाहर निकलकर चालक को पकड़ते, इसके पहले वह साथियों के साथ फरार हो गया।
पुलिस ने क्या कहा
टीआई सुरेंद्र सिंह रघुवंशी के अनुसार कार पिपलौदा (रतलाम) के महेश सुतार के नाम से रजिस्टर्ड है। पुलिस ने कार का सीसीटीवी फुटेज भी जारी किया है।
