
इंदौर में मंगलवार रात इंटरनेट पर फैली एक अफवाह ने ईंधन आपूर्ति की पूरी व्यवस्था बिगाड़ दी है। पेट्रोल-डीजल की किल्लत होने की झूठी खबर के चलते अब कई प्रमुख पंपों पर स्टॉक पूरी तरह खत्म हो गया।
इंदौर में अफवाह के कारण खत्म हुआ पेट्रोल-डीजल का स्टॉक
बीती रात से ही पेट्रोल पंपों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी
पंप संचालकों की अपील- अफवाह पर न दें ध्यान
इंदौर। शहर में मंगलवार रात इंटरनेट पर फैली एक अफवाह ने कई जगहों पर ईंधन आपूर्ति की पूरी व्यवस्था बिगाड़ दी है। वैश्विक परिस्थितियों के कारण पेट्रोल-डीजल की किल्लत होने की झूठी खबर के चलते बीती रात से ही पेट्रोल पंपों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इसका नतीजा यह हुआ कि बुधवार सुबह शहर के कई प्रमुख पंपों पर स्टॉक पूरी तरह खत्म हो गया।
एबी रोड स्थित रसोमा चौराहे के रघुनाथ पंप, लक्ष्मी पंप और पलासिया क्षेत्र सहित कई इलाकों में पेट्रोल-डीजल उपलब्ध नहीं होने के कारण वाहनों के पहिये थम गए हैं। हालांकि, पंप संचालकों ने स्पष्ट किया है कि शहर में ईंधन की कोई कमी नहीं है, केवल अचानक बढ़ी अत्यधिक खपत के कारण स्टॉक जीरो हुआ है।
पंप संचालक बोले- दोपहर तक टैंकर पहुंचेंगे
संचालकों के अनुसार, दोपहर तक तेल के टैंकर पहुंचने की संभावना है, जिसके बाद वितरण कार्य फिर से सुचारू रूप से शुरू कर दिया जाएगा।
देवास में किसानों ने लगाए आरोप
देवास में सुबह से पेट्रोल पंप पर कतार देखने को मिली। लोग अधिक मात्रा में पेट्रोल-डीजल ले रहे। ग्रामीण अंचल में किसानों का आरोप है कि उन्हें पर्याप्त डीजल नही मिल पा रहा। प्रशासन का दावा है कि स्टॉक पर्याप्त है। लोग अफवाहों से बचें। मंगलवार देर रात एसपी ने शहर के पेट्रोल पंप पहुंचकर स्थिति देखी। पंप संचालकों से बात भी की। उन्होंने लोगों को पैनिक न होने की समझाइश दी।
पेट्रोल पंप पर लिमिट तय
कई पेट्रोल पंपों पर भीड़ को देखते हुए लिमिट तय कर दी गई है। यहां पर दो पहिया वाहन चालकों को 200 रुपये से ज्यादा का पेट्रोल नहीं दिया जा रहा है। भीड़भाड़ वाले पेट्रोल पंप पर पुलिस भी तैनात की गई है। बैंक नोट प्रेस थाना के सामने स्थित रिलायंस के पेट्रोल पंप पर सुबह से ही लंबी कतारें लगी हुई हैं।
यहां आस-पास के गांव के भी दो पहिया वाहन चालक पेट्रोल डलवाने पहुंच रहे हैं। कतार में लगे मधुबन कॉलोनी निवासी शैलेंद्र सिंह कुशवाहा ने बताया कि 200 रुपये से अधिक का पेट्रोल नहीं दिया जा रहा है।
