
इंदौर के चोइथराम अस्पताल के पास स्थित लेकपार्क कॉलोनी में सोमवार सुबह एक गैरेज में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और राजेंद्र नगर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया।
बताया जा रहा है कि जिस गैरेज में आग लगी, वहां दो कारें खड़ी थीं, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गईं। हालांकि, दमकलकर्मियों ने समय रहते आग पर काफी हद तक काबू पा लिया, जिससे आसपास के इलाकों में बड़ा नुकसान टल गया।
फायर ब्रिगेड के मुताबिक, घटना चोइथराम अस्पताल के सामने स्थित एक ऑटो डीलिंग कंपनी के गैरेज की है। आग लगने के कारण इलाके में काफी धुआं फैल गया, जिससे लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
चोइथराम अस्पताल से लगा है गैरेज
बताया जाता है कि यहां कारों की रिपेयरिंग के साथ उन्हें बेचने का काम किया जाता है। जिस शेड में आग लगी वह चोइथराम अस्पताल की दीवार से लगा हुआ था। सबसे पहले अस्पताल की तरफ से ही पानी डालकर आग को रोकने का प्रयास किया गया।
वहीं दमकलो को सूचित किया गया। आग को आसपास के शेड में पहुंचने से फायर की टीम ने रोक लिया। जिसमें बडा हादसा होने से टल गया। बताया जाता है कि कलर स्प्रे आर अन्य ज्वलनशील केमिकल के चलते आग भयावह हुई थी।
रविवार को भी स्क्रैप गोदाम में लगी थी आग
बता दें रविवार सुबह भी सांवेर रोड स्थित नरवल क्षेत्र में रविवार सुबह एक स्क्रैप गोदाम में आग लग गई।
गोदाम में रखे प्लास्टिक स्क्रैप के कारण आग के साथ काफी धुआं फैल गया। आसपास के इलाके में काला धुआं फैलने से लोगों को परेशानी हुई। घटनास्थल के पास बने मजदूरों के क्वार्टर तक आग फैलने का खतरा बना रहा। एहतियात के तौर पर मजदूरों ने अपने घरों से सामान बाहर निकाल लिया।
फायर ब्रिगेड के एसआई शिवनारायण शर्मा ने बताया कि नरवल में मोहम्मद इरफान के गोदाम में आग लगी थी। गोदाम बंद था और आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
