
मंत्री श्री सिलावट ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव से भेंट कर फोरलेन सड़क बनाने की मंजूरी देने का किया आग्रह
जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने गत दिवस मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के इंदौर प्रवास के दौरान उनसे भेंट कर देवगुराडिया बायपास से डबल चौकी राघोगढ़ (नेमावर रोड/राज्य राजमार्ग 59-ए) को फोरलेन सड़क स्वीकृत करने का आग्रह किया। श्री सिलावट ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को अवगत कराया कि सांवेर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले देवगुराड़िया बायपास से डबल चौकी राघोगढ़ (नेमावर रोड/राज्य राजमार्ग 59-ए) मार्ग वर्तमान में संकरा एवं एकांकी होने के कारण यहां यातायात का अत्यधिक दबाव रहता है, जिसके कारण आए दिन भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है। जाम लगने से व्यापार, उद्योग, परिवहन एवं क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही है। उक्त मार्ग पर सांवेर क्षेत्र के विभिन्न गांव एवं शहरी क्षेत्र जुड़े होने के कारण क्षेत्र के नागरिकों को आवागमन में काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
श्री सिलावट ने बताया कि नेमावर रोड़ इण्डस्ट्रीयल इंदौर द्वारा भी आवेदन देकर देवगुराडिया बायपास से डबल चौकी राघोगढ़ (नेमावर रोड/राज्य राजमार्ग 59-ए) को फोरलेन सड़क बनाने का अनुरोध करते हुए व्यापारियों एवं नागरिकों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया है। श्री सिलावट ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव से आग्रह किया कि व्यापारियों एवं नागरिकों को हो रही परेशानी को दृष्टिगत रखते हुए जनहित में देवगुराडिया बायपास से डबल चौकी राघोगढ़ (नेमावर रोड/राज्य राजमार्ग 59-ए) मार्ग को चार लेन सड़क बनाने की स्वीकृति प्रदान की जाये।
