
इंदौर। इंदौर (Indore) के भागीरथपुरा (Bhagirathpura) में दूषित पानी (Contaminated Water) से फैल रही बीमारी की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन, प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को रेसीडेंसी कोठी (Residency Bungalow) में आयोजित की गई। बैठक में कार्रवाई की गति बढ़ाने, नई व्यवस्थाएं लागू करने और शहर में सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों की कमी को देखते हुए नगर निगम में नई भर्ती किए जाने पर सहमति बनी, साथ ही शहर में नई बोरिंग पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के आदेश दिए गए।
इस बैठक में अधिकारियों ने बताया कि भागीरथपुरा के लगभग 30 प्रतिशत क्षेत्र में अगले दो से तीन दिनों में नर्मदा का शुद्ध जल सप्लाई शुरू कर दिया जाएगा, जबकि शेष 70 प्रतिशत क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से पानी मुहैया कराया जाएगा। इसके बावजूद नागरिकों को सुरक्षा की दृष्टि से पानी उबालकर ही पीने की सलाह दी गई है। बैठक में दो वरिष्ठ एसीएस नीरज मंडलोई और अनुपम राजन, केबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित जिला प्रशासन और निगम के अधिकारी मौजूद रहे।
