
इंदौर। बच्चे की तबीयत बिगड़ने पर विमान को इंदौर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही बच्चे ने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट नंबर IX1240 मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे जयपुर से रवाना हुई थी, जो रात 8:10 बजे बेंगलुरु पहुंचने वाली थी। उड़ान के दौरान विमान में सवार एक साल के बच्चे मोहम्मद अबरार को अचानक सांस लेने में गंभीर तकलीफ होने लगी। परिवार ने तुरंत क्रू मेंबर्स को सूचना दी।
स्थिति बिगड़ती देख पायलट ने नजदीकी एयरपोर्ट इंदौर से संपर्क किया। शाम करीब 7:20 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल को मेडिकल इमरजेंसी की जानकारी दी गई, जिसके बाद इंदौर एयरपोर्ट पर मेडिकल इमरजेंसी घोषित कर दी गई और डॉक्टरों की टीम एयरोब्रिज पर ही तैनात कर दी गई।
शाम 7:50 बजे विमान के इंदौर में लैंड होते ही बच्चे को बाहर निकाला गया। विमान में मौजूद एक डॉक्टर पहले से ही बच्चे को सीपीआर दे रहे थे। एयरपोर्ट पर मौजूद मेडिकल टीम ने भी लगातार सीपीआर जारी रखा और बच्चे को एम्बुलेंस से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे डॉल्फिन हॉस्पिटल रेफर किया गया। दुर्भाग्यवश, अस्पताल पहुंचने से पहले ही मोहम्मद अबरार की मौत हो गई।
परिवार के अनुसार, बच्चा अपने पिता मोहम्मद अजलान, मां फिरोजा और बड़े भाई के साथ जयपुर से बेंगलुरु अपने घर लौट रहा था। बताया जा रहा है कि फ्लाइट में चढ़ने से पहले ही बच्चे की तबीयत कुछ ठीक नहीं थी। आशंका जताई जा रही है कि उड़ान के दौरान पानी या दूध पिलाने के दौरान वह श्वासनली में चला गया, जिससे उसकी सांस संबंधी समस्या और गंभीर हो गई।
यह घटना परिवार के लिए बेहद दर्दनाक रही है। एयरलाइन और एयरपोर्ट अथॉरिटी ने त्वरित कार्रवाई की, लेकिन बच्चे को बचाया नहीं जा सका। पुलिस और संबंधित विभाग जांच कर रहे हैं।

