ई-बसों के लिए बस स्टॉप और चार्जिंग स्टेशन बनाने के दिए निर्देश : मंत्री श्री सिलावट
जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट की अध्यक्षता में आज रेसीडेंसी कोठी पर सांवेर विधानसभा क्षेत्र में सिटी बसों की संख्या बढ़ाने को लेकर समीक्षा बैठक सम्पन्न

जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट की अध्यक्षता में आज रेसीडेंसी कोठी पर सांवेर विधानसभा क्षेत्र में सिटी बसों की संख्या बढ़ाने को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंत्री श्री सिलावट द्वारा सांवेर विधानसभा क्षेत्र में संचालित की जा रही सिटी बसों की प्रगति रिपोर्ट देखी और उसकी समीक्षा की। बैठक में अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड इंदौर के कार्यकारी निदेशक श्री अर्थ जैन एवं सहायक सचिव सिटी बस ऑपरेटर श्री संदीप त्रिवेदी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में मंत्री श्री सिलावट ने बताया कि सांवेर विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर लोक परिवहन सुविधा देने के लिए बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। आगामी 15 अगस्त : स्वाधीनता दिवस से सांवेर विधानसभा क्षेत्र में 85 नई सिटी बसों का संचालन किया जाएगा। मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि सांवेर विधानसभा क्षेत्र में नई बसों के शुरू हो जाने के बाद नागरिकों को लोक परिवहन की बेहतर सुविधाएं और इससे रोजगार भी मिलेंगे।
सांवेर विधानसभा में नई बसें के लिए 25 से अधिक नये मार्ग बनाये जाएंगे। उन्होंने बताया कि नई बसों का मार्ग सांवेर से चन्द्रावतीगंज, कांकरिया बोर्डिया से सांवेर तथा पालिया से चन्द्रावतीगंज, शिप्रा से रेलवे स्टेशन इंदौर, शिप्रा से सांवेर, खुडे़ल से बस स्टैंड इंदौर, नवलखा बस स्टैंड से शिवनी गांव, रेलवे स्टेशन इंदौर से पेडमी गांव, देवगुराड़िया से डबल चौकी देवास के साथ ही बसांदा अजनोद, कछलिया आदि क्षेत्रों में बस संचालित होगी। मंत्री श्री सिलावट ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नई बसों के संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करें। ई-बसों के चार्जिंग के लिए चार्जिंग स्टेशन और बस स्टॉप भी बनाए जाए। बैठक में बताया गया कि सांवेर विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में विभिन्न मार्गों पर 40 सिटी बसें चलाई जा रही है, जिसमें इलेक्ट्रीक बसें भी शामिल है। सांवेर विधानसभा क्षेत्र में मांगलिया, सेमलिया चाउ, कम्पेल पिवडाय तथा कनाडिया आदि क्षेत्रों से इंदौर के लिए सिटी बसें चलाई जा रही है।
