
इंदौर में 9 से 13 जून तक आयोजित होने वाले ब्रिक्स देशों के महत्वपूर्ण कृषि सम्मेलन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने शनिवार को रेसीडेंसी में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की। बैठक में सम्मेलन से जुड़ी व्यवस्थाओं, सुरक्षा, आवागमन, आवास, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन तथा अतिथियों के स्वागत-सत्कार सहित अन्य सभी आवश्यक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में एमडी मंडी श्री कुमार पुरुषोत्तम, नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल, इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. परीक्षित झाड़े, किसान कल्याण विभाग के उप सचिव श्री रोहित सिसोनिया सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने निर्देश दिए कि सम्मेलन में शामिल होने वाले राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों को सर्वोत्तम सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन इंदौर तथा मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रहने दें। उन्होंने आयोजन स्थलों पर स्वच्छता, पेयजल, विद्युत, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि 9 जून से प्रारंभ होने वाला यह सम्मेलन कृषि एवं कृषि से जुड़े विविध विषयों पर केंद्रित रहेगा। सम्मेलन में ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधि कृषि नवाचार, खाद्य सुरक्षा, कृषि अनुसंधान, सतत कृषि विकास, आधुनिक तकनीकों तथा किसानों की आय वृद्धि जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे। आयोजन के दौरान विभिन्न तकनीकी सत्र, विशेषज्ञ चर्चाएं, प्रस्तुतियां तथा अनुभव साझा करने के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कलेक्टर श्री वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं का समयबद्ध परीक्षण करने तथा सम्मेलन के सफल संचालन के लिए निर्धारित जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
