
इंदौर के रावजी बाजार थाना क्षेत्र में रविवार रात बीच सड़क पर खड़े एक युवक को हॉर्न बजाना दंपती को भारी पड़ गया। गुस्साए युवक ने कार के बोनट पर चढ़कर जमकर तोड़फोड़ की और कार के शीशे फोड़ दिए।
पूरी घटना कार में मौजूद दंपती ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के बाद आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
रास्ते से हटने के लिए बजाया था हॉर्न
घटना पलासिया चौराहे के पास शराब दुकान के सामने की बताई जा रही है। सिंधी कॉलोनी निवासी बाबू पंजवानी अपनी पत्नी के साथ कार से जा रहे थे। रास्ते में एक युवक बीच सड़क पर खड़ा था। दंपती ने उसे हटने के लिए हॉर्न बजाया।
गुस्से में कार पर चढ़कर की तोड़फोड़
हॉर्न बजाने से युवक भड़क गया। उसने पहले कार के बोनट पर हाथ मारे और फिर बोनट पर चढ़ गया। इसके बाद उसने कार के सामने के शीशे और अन्य कांच तोड़ दिए। घटना के दौरान दंपती कार के अंदर ही मौजूद रहे।घटना का वीडियो दंपती ने अपने मोबाइल से रिकॉर्ड किया और बाद में सोशल मीडिया पर भी साझा किया। इसके बाद दोनों रावजी बाजार थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
आरोपी की पहचान, पुलिस कर रही तलाश
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमों को रवाना किया गया है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर भी मामले की जांच कर रही है।

