
आपातकालीन प्रतिक्रिया एवं आपदा प्रबंधन योजना के अंतर्गत गेल (इंडिया) लिमिटेड द्वारा इंदौर जिले में आज 09 जून 2026 को प्रातः 11 बजे से ऑफसाइट इमरजेंसी ड्रिल (लेवल-3) का आयोजन गेल सीजीएस सेक्टर-ई, सांवेर रोड, भवानी नगर औद्योगिक क्षेत्र, अंवतिका गैस लिमिटेड सीएनजी स्टेशन के पास किया जाएगा। यह मॉक ड्रिल प्राकृतिक गैस पाइपलाइन से संबंधित संभावित आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों की तत्परता, समन्वय एवं प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।
गेल (इंडिया) लिमिटेड देश की अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी है, जो प्राकृतिक गैस के परिवहन एवं वितरण के क्षेत्र में कार्यरत है। कंपनी द्वारा उज्जैन जिले के ग्राम चिकली स्थित खेड़ा कंप्रेसर स्टेशन के माध्यम से प्राकृतिक गैस का दबाव बढ़ाकर विभिन्न जिलों तक गैस का परिवहन किया जाता है। इससे जुड़ा पाइपलाइन नेटवर्क उज्जैन, इंदौर, धार, रतलाम, देवास, राजगढ़ एवं शाजापुर जिलों में संचालित है।
ऑफसाइट इमरजेंसी ड्रिल के दौरान प्राकृतिक गैस पाइपलाइन से संबंधित संभावित दुर्घटना की काल्पनिक स्थिति निर्मित कर विभिन्न विभागों द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया जाएगा। संबंधित विभागों एवं अधिकारियों से मॉक ड्रिल में सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु अपील की गई है। ड्रील संबंधी अधिक जानकारी के लिए मोबाईल नम्बर 9993062533 पर संपर्क किया जा सकता है।
