सांसद श्री शंकर लालवानी की पहल: 70 लाख रूपये की लागत से शासकीय विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, प्रथम चरण में 29 स्कूलों को मिले आरओ सिस्टम

इंदौर के सांसद श्री शंकर लालवानी की पहल पर अब इंदौर संसदीय क्षेत्र के 100 शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को शुद्ध एवं शीतल पेयजल की सुविधा मिलेगी। प्राकृतिक गैस मंत्रालय के उपक्रम ओएनजीसी (ONGC) की कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) निधि एवं सांसद सेवा संकल्प के सहयोग से लगभग 70 लाख रुपये की लागत से 100 आरओ सिस्टम एवं 100 स्टेनलेस स्टील वाटर कूलर स्थापित किए जा रहे हैं। इसकी शुरुआत प्रथम चरण में 29 शासकीय विद्यालयों से की गई। यह जानकारी आज इंदौर के शासकीय नवीन मालव कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में दी गई।

इस अवसर पर सांसद श्री शंकर लालवानी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के संकल्प तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शिक्षा एवं जनकल्याण के विजन के अनुरूप विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। स्वस्थ विद्यार्थी ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। इसी सोच के साथ शासकीय विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल की यह व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि कई विद्यालयों में शुद्ध पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से विद्यार्थियों को परेशानी होती थी। अब आरओ एवं स्टेनलेस स्टील वाटर कूलर स्थापित होने से हजारों विद्यार्थियों को प्रतिदिन स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध होगा। सभी मशीनों पर तीन वर्ष की वारंटी रहेगी। साथ ही समय-समय पर सर्विसिंग, आरओ की सफाई एवं फिल्टर बदलने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
सांसद श्री लालवानी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत, विशेषकर निम्न आय वर्ग के विद्यार्थियों की शिक्षा एवं सुविधाओं को लेकर निरंतर संवेदनशील हैं। आज प्रदेश के अनेक शासकीय विद्यालय किसी भी निजी विद्यालय से कम नहीं हैं तथा कई विद्यालयों ने शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम भी दिए हैं।
इस दौरान सांसद श्री शंकर लालवानी ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए एक प्रेरक कहानी सुनाई और उन्हें समय के महत्व को समझाते हुए प्रत्येक क्षण का सदुपयोग करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि समय सबसे मूल्यवान संपत्ति है। जो विद्यार्थी अनुशासन, परिश्रम और समय का सही उपयोग करते हैं, वही जीवन में सफलता प्राप्त करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में 29 विद्यालयों को आरओ युक्त स्टेनलेस स्टील वाटर कूलर प्रदान किए गए हैं। आगामी चरणों में इंदौर संसदीय क्षेत्र के सभी 100 चयनित शासकीय विद्यालयों में यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिद्धार्थ जैन ने सांसद श्री शंकर लालवानी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल प्रत्येक विद्यार्थी का मूल अधिकार है। उन्होंने कहा कि यह प्रकल्प केवल पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के स्वास्थ्य, एकाग्रता, नियमित उपस्थिति एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक दूरदर्शी और प्रेरणादायी प्रयास है। शासन, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संस्थाओं के समन्वित प्रयासों से शासकीय विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं का निरंतर विस्तार हो रहा है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध हो रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल हजारों विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इनहिबो शिक्षा, संस्कृति एवं जल संरक्षण समिति की अध्यक्ष श्रीमती मुक्ति जैन ने कहा कि सांसद श्री शंकर लालवानी लगातार शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के हित में कार्य कर रहे हैं। इससे पूर्व 100 विद्यालयों को कंप्यूटर उपलब्ध कराए जा चुके हैं तथा 300 से अधिक विद्यालयों में छात्राओं के लिए विशेष शौचालयों की स्वीकृति भी मिली है। अब 100 विद्यालयों में आरओ एवं स्टेनलेस स्टील वाटर कूलर लगाए जा रहे हैं, जिससे हजारों विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल की स्थायी सुविधा मिलेगी और उनके स्वास्थ्य के साथ उनकी पढ़ाई को भी लाभ होगा।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय हरित कोर योजना के अंतर्गत आयोजित “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत सांसद श्री शंकर लालवानी सहित सभी अतिथियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर सभी ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने एवं पौधों के संरक्षण का संकल्प लेते हुए भावी पीढ़ी के लिए स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के निर्माण का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्री शौर्य मल्होत्रा, ओएनजीसी से श्री पीयूष आर्य, जिला शिक्षा उप अधिकारी श्री सुदीप निगवाल, इनहिबो शिक्षा संस्थान से मुक्ति जैन, सांदीपनी शासकीय नवीन मालव कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य श्री रामकृष्ण कोरी, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

