इंदौर की होटल में घुसकर बदमाशों ने की मारपीट:चाकू दिखाकर मांगे 5 हजार रुपए महीना तीन बदमाशों पर FIR

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के हीरा नगर थाना क्षेत्र की होटल में घुसकर मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने होटल कर्मचारी को चाकू दिखाकर हर महीने 5 हजार रुपए देने की मांग की और मना करने पर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मंगलवार को तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक अखिलेश सतवई (27) निवासी 136, स्कीम नंबर कबीटखेड़ी, होटल रॉयल स्टेट में काम करते हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि 10 मार्च की रात करीब 9 बजे अंकित पिता हिंदू सिंह अपने दो साथियों के साथ होटल में कमरा लेने पहुंचा।
आरोपियों ने कमरे का किराया पूछा तो अखिलेश ने 1 हजार रुपए बताया। इस पर आरोपियों ने 700 रुपए में दो कमरे देने का दबाव बनाया, लेकिन मना करने पर विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान अंकित ने जेब से चाकू निकाल लिया और गाली-गलौज करते हुए धमकाने लगा। उसके साथ आए अन्य दो युवकों ने भी अखिलेश के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
आरोप है कि बदमाशों ने कहा कि यदि होटल चलाना है तो हर महीने 5 हजार रुपए देने होंगे, नहीं तो जान से खत्म कर देंगे। इसके बाद जब पीड़ित ने अपने सेठ नितेश को फोन लगाया तो तीनों आरोपी वहां से भाग गए। जाते-जाते भी उन्होंने पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी।

Exit mobile version