जनसुनवाई में प्राप्त शिकायत पर प्रशासन ने तत्काल की कार्रवाई, 5 अवैध ढाबे एवं एक अहाते को हटाया
बड़ी मात्रा में अवैध शराब एवं गैस सिलेंडर किये जब्त
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशन में जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायत पर महू क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की गई। रहवासी क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित शराब बिक्री एवं अहातों की शिकायत मिलने पर एसडीएम श्री राकेश परमार के मार्गदर्शन में प्रशासनिक दल ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान लगभग पाँच अवैध ढाबों एवं एक अहाते को जेसीबी मशीनों की सहायता से हटाया गया। अभियान के दौरान मौके से अवैध शराब का जखीरा जब्त किया गया तथा अवैध रूप से उपयोग किए जा रहे घरेलू गैस सिलेंडरों को भी कब्जे में लिया गया। संबंधित प्रकरणों में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अभियान का नेतृत्व एसडीएम श्री राकेश परमार एवं तहसीलदार श्री विवेक सोनी ने किया। इस दौरान नायब तहसीलदार श्री राधावल्लभ धाकड़, श्री अनिल मेहता, श्री दिलीप द्विवेदी, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री महादेव मुवेल सहित राजस्व, पुलिस एवं संबंधित विभागों का अमला उपस्थित रहा।
प्रशासन को जनसुनवाई में बालाजी धाम कॉलोनी के रहवासियों द्वारा शिकायत प्राप्त हुई थी कि कॉलोनी के मध्य लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार संचालित होने से क्षेत्र का वातावरण प्रभावित हो रहा है तथा आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं एवं बच्चों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों को हटाया और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने की कार्रवाई सुनिश्चित की। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई का स्वागत करते हुए क्षेत्र में कानून व्यवस्था एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने कहा है कि जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। आमजन से प्राप्त शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए कानून का सख्ती से पालन कराया जाएगा तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
