
मोबाइल पर बात करते हुए तेज रफ्तार में बस चला रहा था ड्राइवर
इंदौर-उज्जैन रोड पर बुधवार रात ग्राम रिंगनोदिया के पास तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में मूसाखेड़ी निवासी महेंद्र सोलंकी (45), पत्नी जयश्री (42), बेटे जिगर (16) और तेजस (12) की मौत हो गई। बस भाजपा विधायक राकेश ‘गोलू’ शुक्ला के परिवार की ट्रैवल्स कंपनी (बनेश्वरी ट्रैवल्स) की है। इस पर गोलू शुक्ला का नाम व पोस्टर लगे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ड्राइवर मोबाइल पर बात करते हुए तेज रफ्तार से बस चला रहा था। यात्रियों ने कई बार स्पीड कम करने को कहा, लेकिन उसने अनसुना कर दिया। टक्कर के बाद ड्राइवर और हेल्पर मौके से भाग निकले। गुस्साए लोगों ने बस में तोड़फोड़ की और आग लगाने की कोशिश भी की।
विधायक शुक्ला ने कहा- ‘मेरी जानकारी में बाइक ने खड़ी बस को टक्कर मारी। सड़क पर 6-लेन का काम चल रहा है, जिससे दिक्कतें हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही मैंने दुख जताया और भाई को बस संचालन व्यवस्थित करने के निर्देश दिए हैं।’ हादसे ने राजनीतिक विवाद भी खड़ा कर दिया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बस विधायक के परिवार की ट्रैवल कंपनी की है, इसलिए पुलिस ने कमजोर धाराओं में केस दर्ज किया।
हादसे के बाद ड्राइवर-हेल्पर फरार; ऐसी धाराओं में केस दर्ज, जिनमें 6 माह की ही सजा,जमानत आसान
मामूली धाराओं में केस दर्ज
गंभीर हादसे के बावजूद पुलिस ने ड्राइवर पर सिर्फ धारा 281, 125(ए) और 106(1) लगाई, जिनमें 6 माह से 5 साल तक की सजा और आसानी से जमानत मिल सकती है।
वहीं, 3 दिन पहले ही इंदौर हादसे में गैर-इरादतन हत्या की कड़ी धारा लगाई गई थी।
हमेशा विवादों में परिवार
- देवास मंदिर विवाद : अप्रैल 2025 में विधायक के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला आधी रात को लालबत्ती लगी गाड़ियां लेकर देवास माता टेकरी मंदिर पहुंच गया। यहां उसके साथियों पुजारी से मारपीट की। मंदिर के पट खुलवाए। विवाद बढ़े तो रुद्राक्ष ने पुजारी से माफी मांगी।
- महाकाल मंदिर : 21 जुलाई 2025 को उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में विधायक गोलू शुक्ला व उनके बेटे रुद्राक्ष ने बिना अनुमति के गर्भगृह में प्रवेश किया। रोके जाने पर मंदिर कर्मचारियों को धमकी दी।
