इंदौर में महिला ने पति को प्रेमिका के साथ पकड़ा:सवाल पूछने पर पत्नी को पीटा; पुलिस ने की FIR

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के लसूडिया इलाके में एक पत्नी की शिकायत पर उसके पति के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। महिला ने बताया कि उसने अपने पति को गुरुवार को एक कमरे में एक युवती के साथ रंगे हाथों पकड़ा था, जिसके बाद पति ने गुस्से में आकर उससे मारपीट की। लसूडिया पुलिस ने सपना हाड़ा की शिकायत पर उसके पति लोकेन्द्र हाड़ा और उसकी कथित प्रेमिका रितू के खिलाफ मारपीट और धमकाने का मामला दर्ज किया है। सपना ने बताया कि उसकी शादी नागदा में हुई थी। कुछ समय पहले उसके पति लोकेन्द्र काम के सिलसिले में इंदौर के स्कीम नंबर 136 में आकर रहने लगे।
पत्नी से सवाल किया तो पति ने मारा
सपना को शक था कि उसका पति उसे धोखा दे रहा है और किसी अन्य युवती के संपर्क में है। इसे जानने के लिए वह अपने भाई और बहन के साथ गुरुवार को इंदौर पहुंची। लोकेन्द्र के कमरे पर पहुंचने पर उसने रितू नाम की एक युवती को अंदर देखा। सपना ने जब पति से युवती के बारे में पूछा तो उसने कहा कि वह उसकी दोस्त है। इसके बाद लोकेन्द्र ने सपना से पूछा कि वह यहां क्यों आई और उसे पता किसने दिया।
सपना के सवालों से गुस्साए लोकेन्द्र ने उसे अपशब्द कहे और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर दी। इसके बाद उसने सपना को धमकी दी कि वह वापस घर लौट जाए और इस बारे में किसी को कुछ न बताए, वरना जान से मार देगा।
पुलिस ने दर्ज किया केस
सपना के अनुसार, झगड़े की आवाज सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सपना की शिकायत पर लोकेन्द्र और रितू के खिलाफ मारपीट और धमकी की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version