मोहसिन पर 7वां केस दर्ज, दोस्त से संबंध बनाने युवती पर बनाया दबाव

By Abhishek Raghuvanshi
4 Min Read

शूटिंग की आड़ में युवतियों से दुष्कर्म करने वाले आरोपी मोहसिन खान पर शुक्रवार को 7वां केस दर्ज हुआ है। इस बार एक युवती ने साथ में नौकरी करने के नाम पर शूटिंग एकेडमी खुलवाने का झांसा देकर 7 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने व तंत्र-मंत्र करने के आरोप लगाए हैं। साथ ही उसके दोस्त फैजान से संबंध बनाने के लिए दबाव बनाया। एसीपी अन्नपूर्णा शिवेंदु जोशी ने बताया, आरोपी मोहसिन खान के खिलाफ 30 वर्षीय युवती ने शिकायत की है। वर्ष 2020 में उसे टेली कॉलिंग कंपनी के जरिये मोहसिन की एकेडमी की जानकारी मिली थी। वहां पहुंची तो मोहसिन ने इंटरव्यू लेकर उसे साथ रख लिया। वादा किया कि काम सिखाने के साथ उसकी एकेडमी खुलवा देगा। वह झांसे में आ गई और उसकी डिमांड पर रुपए भी देती रही।

झांसे में लेकर रुपए हड़प लिए

युवती ने बताया, मोहसिन ने मेरी शूटिंग रेंज खोलने के सपने दिखाए थे। उसने मार्च 2021 को 5 लाख रुपए नकद और 7 मार्च को साढ़े 3 लाख नकद मुझसे ले लिए। इसके अलावा भी रुपए लेता रहा। उसने फिर रुपए लेकर अपने क्रेडिट कार्ड का 2 लाख 50 हजार का बिल भरा। इतना ही नहीं, एकेडमी के दो कर्मचारियों की 8 माह की पगार भी मुझसे दिलवाई। मुझे कहा तुम्हारी शूटिंग रेंज खोलने के लिए लाइसेंस बन गया है। बंदूकें ऑर्डर कर दी हैं। रेंज में लगने वाले उपकरण के लिए जगह किराए पर लेने के लिए बड़ी रकम चाहिए।

पैसों के लिए करवाई तंत्र क्रिया

- Advertisement -

मोहसिन ने मुझसे तंत्र क्रिया करवाई। मुझे साधना जौहरी से मिलवाया। मुझे झांसे में लेने के लिए एक युवती का वीडियो बताकर उसमें नोटों की बारिश करना बताया। साधना बोली, तुम जिन्न को खुश कर दो, वह खुश हुआ तो इतना रुपया मिलेगा कि सोच भी नहीं सकती। फिर वे मुझे हवा बंगला स्थित एक फार्म हाउस पर ले गए। मेरे शरीर पर सुगंधित इत्र लगाया। फिर कई पीर बाबा जैसे लोग आए तो मैं डर गई। एक बाबा ने मुझे सही नहीं है, कहकर नकार दिया। अगले दिन मोहसिन गुस्सा हुआ कि तुम्हारे कारण तंत्र क्रिया में मेरे 20 लाख खर्च हो गए। इस पर मेरा उससे झगड़ा हो गया।

दो दिन बाद दोस्त से रिलेशन बनाने का दबाव बनाया

युवती ने बताया, दो दिन बाद मोहसिन ने फोन किया, कहा कि सारी बातें भूल जाओ, अपनी एकेडमी खोलने के लिए तैयारी करते हैं। उसने मुझे फैजान से मिलवाया, कहा ये अच्छा शूटिंग कोच व जिम ट्रेनर है। यह आपके सपने पूरे करेगा। फैजान तीन दिन केसरबाग स्थित एक जिम पर लेकर गया। मोहसिन बोला आपको फैजान से रिलेशन बना लेना चाहिए। उसके इरादों को भांप कर मैंने एकेडमी खोलने से मना किया और रुपए वापस मांगे तो वह मुझे धमकाने लगा। बोला तुझ पर 20 लाख खर्च किए हैं, 13 लाख रुपए तू मुझे दे नहीं तो बदनाम कर दूंगा। उसकी धमकियों से मैं डर गई थी। जब मोहसिन पर कार्रवाई हुई तो मैं अब इसकी शिकायत करने आई हूं।

यौन उत्पीड़न पर खेल संगठन एकजुट हुए

महिला खिलाड़ियों के साथ शूटिंग कोच मोहसिन खान द्वारा किए यौन उत्पीड़न के खिलाफ खेल संगठन एकजुट हो गए हैं। कोच वीरेंद्र पवार ने बताया, क्रीड़ा भारती, खेल संगठनों के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने शुक्रवार को संभागायुक्त कार्यालय पर कमिश्नर दीपक सिंह को ज्ञापन सौंपा। संगठनों की मांग है कि महिला खिलाड़ियों के साथ दुष्कर्म करने वाले कोच के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होना चाहिए। उन्होंने कहा स्कूलों, खेल संस्थाओं में लड़कियों के लिए अलग से महिला प्रशिक्षक होना चाहिए।

Exit mobile version