इंस्टाग्राम पर युवती की एडिट फोटो अपलोड की:राजगढ़ का युवक फर्जी आईडी से युवती को कर रहा था बदनाम, बोला– पसंद करता था

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर की एमआईजी थाना पुलिस ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर युवती को बदनाम करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रामबाबू दांगी के रूप में हुई है, जो राजगढ़ जिले के जीरापुर का रहने वाला है। वह उसी क्षेत्र की एक युवती की फोटो एडिट कर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक कंटेंट पोस्ट कर रहा था। एमआईजी पुलिस के अनुसार, 25 वर्षीय युवती ने 4 अप्रैल 2025 को लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि ‘पटेल पार्थ’ नाम से एक फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसके एडिटेड फोटो अपलोड किए गए हैं। यही नहीं, इस फर्जी अकाउंट से युवती के ही कुछ रिश्तेदारों को अश्लील और अभद्र मैसेज व फोटो भेजे गए। जब युवती ने स्वयं उस आईडी पर बातचीत की, तो आरोपी ने उसे धमकाते हुए कहा, “अभी तो शुरुआत है।” मामले की जांच के दौरान पुलिस को साक्ष्य मिले कि यह अकाउंट रामबाबू दांगी द्वारा खरीदी गई सिम से ही संचालित किया जा रहा था।पुलिस ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए रामबाबू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह युवती को पसंद करता था, लेकिन वो ध्यान नहीं देती थी, तो उसने बदनाम करने की नीयत से यह हरकत की। युवती वर्तमान में इंदौर में रहकर नौकरी कर रही है, जबकि मूल रूप से वह भी जीरापुर, राजगढ़ की रहने वाली है।

Exit mobile version