- खास बात यह है कि आरोपित इंदौर में बंद पड़े हुए पेट्रोल पंप से 10 से 15 रुपये सस्ता डीजल बेच रहे थे।
- बंद पेट्रोल पंप से मिलावटी डीजल बिक्री का मामला उजागर हुआ है।
- तीन इमली चौराहा के पास रिंग रोड पर बंद महाराजा अग्रसेन एस्सार पेट्रोल पंप पर अवैध भंडारण एवं विक्रय करने पर पंप को सील कर डीजल को जब्त किया।
- रिंग रोड स्थित बंद एस्सार पेट्रोल पंप पर मंगलवार को क्राइम ब्रांच की टीम ने दबिश दी।
बंद पेट्रोल पंप से मिलावटी डीजल बिक्री का मामला उजागर हुआ है। क्राइम ब्रांच की सूचना पर खाद्य विभाग की टीम ने तीन इमली चौराहा के पास रिंग रोड पर बंद महाराजा अग्रसेन एस्सार पेट्रोल पंप पर अवैध भंडारण एवं विक्रय करने पर पंप को सील कर डीजल को जब्त किया।
रिंग रोड स्थित बंद एस्सार पेट्रोल पंप पर मंगलवार को क्राइम ब्रांच की टीम ने दबिश दी। यहां बसों में डीजल भरते पाए जाने पर खाद्य विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंच खाद्य विभाग की टीम की जांच के समय पंप के एक नोजल से बस में डीजल भरा जा रहा था। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक मोहन मारू ने बताया कि पंप के भूमिगत टैंक से 3334 लीटर डीजल मौके पर मौजूद अर्पित बंसल से जब्त किया गया।
वहीं पंप पर बने गोदाम में ड्रम में भरा हुआ 1400 लीटर डीजल भी जब्त किया गया। डीजल की डेंसिटी लेने पर प्रारंभिक जांच में डीजल मिलावटी पाया गया है। मारू का कहना है कि पेट्रोल पंप लाइसेंस का काम विभाग के पास से हटने के बाद इंस्पेक्टर के पास जांच के अधिकार नहीं रहे। इसलिए लाइसेंस आदि की प्रभावी जांच नहीं हो पाती है।
13 साल पहले हुआ बंद
महाराजा अग्रसेन एस्सार पेट्रोल पंप को पेट्रोलियम कंपनी ने वर्ष 2011 में बंद कर दिया था। पंप संचालक अशोक अग्रवाल द्वारा इसके बाद भी अवैधानिक रूप से बाहर से डीजल लाकर विक्रय किया जा रहा था। सूत्रों का कहना है कि दो दिन पहले ही पंप पर टैंकर खाली हुआ था। इससे पहले भी एक बार पंप पर कार्रवाई की जा चुकी है।
कम दाम में बेचते थे डीजल
सड़क से गुजरने वालों से बचने के लिए पंप संचालक द्वारा सड़क की तरफ बंद बस खड़ी कर दी गई थी। इससे अंदर क्या गतिविधियां चलती हैं, यह नजर नहीं आती थीं। पंप पर मौजूद तीन नोजल में से एक नोजल से ही डीजल डाला जाता था। अन्य नोजल को बंद रखा गया था। पंप से 10 से 15 रुपये सस्ता डीजल बेचा जाता था। इसलिए अधिकांश अंतरराज्यीय बसों में
डीजल यहीं से डलता था।
बंद पेट्रोल पंप से डीजल बेचने के मामले मे कार्रवाई की गई है। पंप पर भंडारित डीजल को जब्त कर पंप को सील कर दिया गया है। डीजल के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
- गौरव बैनल, अपर कलेक्टर
