इंदौर में चाय-नाश्ता कर बैठे पुलिसकर्मी के सीने में उठा दर्द, साइलेंट अटैक से मौत

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read
  • उज्जैन के महिदपुर में एसएएफ में पदस्थ था, बच्चों की परीक्षा के लिए 15 दिन की छुट्टी लेकर आया था इंदौर।

इंदौर। विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) में पदस्थ कांस्टेबल अजय सिंह की साइलेंट अटैक से मौत हो गई। अजय बच्चों की परीक्षा की तैयारी के लिए 15 दिन की छुट्टियां लेकर आया था। अचानक सीने में दर्द उठा और अस्पताल पहुंचने के पहले मौत हो गई।
मल्हारगंज थाना पुलिस के मुताबिक, हाईराइज बिल्डिंग में रहने वाला 40 वर्षीय अजय पुत्र सुरेंद्रसिंह 15वीं बटालियन में पदस्थ था। उसकी महिदपुर में ड्यूटी लगी थी। अजय के बच्चों की परीक्षाएं चल रही हैं। कुछ दिनों पूर्व ही वह बच्चों की परीक्षा की तैयारी करवाने के लिए 15 दिन की छुट्टी लेकर घर आया था। सोमवार सुबह वह चाय-नाश्ता कर स्वजन के साथ बैठा हुआ था। अचानक सीने में दर्द हुआ और बेहोश हो गया।

दो अस्पतालों ने कर दिया रेफर
स्वजन शशि नर्सिंग होम ले गए लेकिन डाक्टर ने उसे रैफर कर दिया। यहां से अनमोल अस्पताल लेकर गए। स्थिति देख यहां से भी एमवाय अस्पताल ले जाने की सलाह दी। अजय सिंह को एमवाय अस्पताल में देखकर मृत घोषित कर दिया। कमांडर मिथिलेश सिंह के मुताबिक, साइलेंट अटैक से मौत हुई है। उसकी दो बेटी और बेटा है। मंगलवार को मल्हारगंज थाना पुलिस ने अजय के शव का पोस्टमार्टम करवाया।

Exit mobile version