इंदौर नारकोटिक्स विंग ने 35 लाख की एमडी ड्रग्स के साथ आरोपी को किया गिरफ्तार

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर नारकोटिक्स विंग ने पाक अधिकृत कश्मीर से सप्लाई की गई 35 लाख रु. की एमडी ड्रग्स को पकड़ने में सफलता हासिल की है। टीम ने तस्करों का पीछा किया तो उन्होंने सिपाहियों की आंखों में मिर्ची झोंकी और दो आरक्षकों के हाथ पर काटा लिया। इस मामले में पुलिस ने खरगोन जिले के निवासी दो ड्रग तस्करों को गिरफ्तार कर पीओके से आने वाली ड्रग्स की लिंक के बारे में पूछताछ कर रही है।

पुलिस ने इस मामले में सलीम पिता फेजू खान निवासी डाई कसरावद जिला खरगोन और शाहरुख पिता अजीत मुंडा निवासी बिष्ठान जिला खरगोन को गिरफ्तार किया है। इंदौर नारकोटिक्स विंग के डीआईजी महेश चंद जैन के निर्देश पर टीआई प्रवीण ठाकरे की टीम ने यह कार्रवाई की। विंग ने बिष्ठान गांव से ही पीछा करके उन्हें इंदौर रोड स्थित कसरावद कब्रिस्तान छोटा नाका के पास घेर लिया और इंदौर ले आए। इस मामले में नारकोटिक्स विंग की एडिशनल एसपी हेमलता अग्रवाल के मुताबिक आरोपियों ने कबूला कि उन्हें जम्मू-कश्मीर का एक ट्रक ड्राइवर माल देकर जाता है। वह पीओके से माल लेकर लाता है और इसके बाद इसे इंदौर में सप्लाई किया जाता है। अब टीम उस ट्रक ड्राइवर को भी तलाश रही है।

Exit mobile version