भूमाफियाओं के जाल में फंसी कई जमीनों को लेकर पीड़ित लोग लंबे समय से संबंधित कार्यालय सहित कलेक्ट्रेट के चक्कर काट रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार की जनसुनवाई में ग्रीनलैंड शेल्टर प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर अरविंद वंजारी के खिलाफ कुछ लोग कलेक्टर कार्यालय शिकायत करने पहुंचे और जमीनों की रजिस्ट्री करवाने सहित रजिस्ट्री धारकों को प्लांट का कब्जा दिलवाने की गुहार लगाते हुए अधिकारियों से मांग की। पीड़ित लोगों ने बताया कि वेध कॉलोनी ग्रीन लाइफ सिटी वन, फेस वन, शिवनगर, खंडवा रोड के मामले में सैकड़ो की संख्या में लोग अरविंद बंजारी के जाल में फंसे हुए हैं। अरविंद बंजारी जमीनों के मामले में जेल भी काट चुका है। वहीं जेल से बाहर आने के बाद उसने प्लाट धारकों को प्लांट का कब्जा और रजिस्ट्री कराने की बात कही थी, किंतु अब भी बड़ी संख्या में लोग शासकीय कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं, यानी के उनकी परेशानियां कम नहीं हो रही है।
