रविवार को चोरल-सुरतीपुरा के जंगल में पूर्व सरपंच के पति दिलीप बुंदेला की कुल्हाड़ी से हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पत्नी के साथ दिलीप के अवैध संबंध थे, और दिलीप ने महिला के साथ वीडियो बना कर उसे ब्लैकमेल किया था।
घटना के दिन दिलीप ने महिला को मिलने के लिए बुलाया, लेकिन महिला का पति भी पीछा करते हुए वहां पहुंच गया और उसने कुल्हाड़ी से दिलीप की हत्या कर दी।ग्रामीण एसपी हितिका वासल ने बताया कि सिमरोल में रविवार सुबह लापता हुए दिलीप बुंदेला की हत्या के मामले में सुरतीपुरा निवासी दयाराम गिरवाल को गिरफ्तार किया गया है। दयाराम, दिलीप के पास के गांव का निवासी है। पुलिस ने तीन दिन तक एक दर्जन से अधिक संदिग्धों से पूछताछ के बाद आरोपी तक पहुंचने में सफलता पाई। हत्या के बाद दयाराम अपने परिवार को लेकर भाग गया था। जब पुलिस ने गांव में पूछताछ की, तो पता चला कि दयाराम का परिवार गायब है। इसके बाद पुलिस ने उसके पिता मोहन और भाई कृष्णा को हिरासत में लिया, जिससे दयाराम को पकड़ने में सफलता मिली।
