
वीकेंड पर शनिवार देर रात पुलिस ने शहर में कॉम्बिंग गश्त की। चौराहों पर जांच के साथ गुंडे-बदमाशों के ठिकानों पर भी दबिश दी। इस दौरान शराबी वाहन चालकों और असामाजिक तत्वों सहित लगभग 1149 बदमाशों की जांच कर 604 पर वैधानिक कार्रवाई की गई। एडिशनल कमिश्नर (क्राइम) मनोज कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक शहर के चारों जोन और यातायात डीसीपी के नेतृत्व में सुबह 5 बजे तक कॉम्बिंग गश्त की गई। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 181 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट में कार्रवाई की गई।
विभिन्न प्रकरणों में वांछित 310 से ज्यादा वारंटियों को तामील कराया गया। इनमें लंबे समय से फरार 57 स्थायी, 100 गिरफ्तारी और 153 जमानती वारंट के साथ ही 100 समंस भी तामील किए गए।
