इंदौर में बीजेपी की पार्षद-पति को पीटा:रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे, पास की टेबल पर बैठे चार युवक-युवती से हुआ था विवाद

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के विजय नगर में सोमवार रात वार्ड 46 से बीजेपी की पार्षद और उनके पति के साथ मारपीट हो गई। दोनों रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। इस दौरान नजदीक की टेबल पर बैठे तीन युवक और युवती ने उनके साथ मारपीट की। बाद में वह थाने पहुंची और आरोपियों पर केस दर्ज कराया। विजय नगर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घटना स्कीम नंबर 54 के गुरू कृपा रेस्टोरेंट की है। यहां पर शैफू पति आकाश कुशवाह निवासी सोमनाथ की चाल अपने पति और बच्चे के साथ रात में करीब 11 बजे खाना खाने पहुंची थी। नजदीक की टेबल पर तीन लड़के और एक लड़की बैठे थे। चारों मोबाइल पर किसी से अपशब्दों का उपयोग कर बात कर रहे थे।
शैफू कुशवाह और उनके पति आकाश ने चारों को अपशब्दों के इस्तेमाल पर टोका और कहा कि यहां पर इस तरह की भाषा का उपयोग ना करें। इस बात पर वह नाराज हो गए और उन्होंने महिला पार्षद और उनके पति को अपशब्द कहना शुरू कर दिए।
इसके बाद चारों ने पार्षद और उनके पति के साथ मारपीट कर दी। होटल स्टाफ ने बीच-बचाव किया। होटल में भीड़ होने के चलते आरोपी वहां से जान से मारने की धमकी देकर चले गए। रात में महिला पार्षद अपने पति के साथ थाने पहुंची और केस दर्ज कराया। पुलिस मामले में आरोपियों की पहचान में जुटी है।
मामले में विजय नगर टीआई चंद्रकांत पटेल ने कहा-
रात में महिला पार्षद का विवाद हुआ है। खाना खाने के दौरान नजदीक की टेबल पर बैठे युवक-युवती अपशब्दों का उपयोग कर रहे थे। अभी आरोपी अज्ञात हैं। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज नहीं देखे हैं। आज देखकर पहचान करेंगे।

Exit mobile version