इंदौर में दुकान से कपड़े और पैसे चुरा ले गए:दुपट्‌टे से फिंगर प्रिंट भी मिटाए, फुटेज में दिखा बदमाश

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

चंदन नगर थाना क्षेत्र स्थित धार नाके के पास एक दुकान में चोरी की वारदात हो गई। घटना के वक्त दुकान के कर्मचारी भोजन करने गए थे, तभी एक बदमाश घुसा और कपड़े व पैसे लेकर भाग गया। आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए फिंगर प्रिंट भी मिटा दिए। उसका फुटेज सामने आया है।
वहीं रामचंद्र नगर पॉश कॉलोनी में भी बिना नंबर की बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने एक साइकिल चुराने का प्रयास किया। रहवासियों ने थाने पर इसके फुटेज सौंपे हैं। हालांकि पुलिस ने इस मामले में कोई केस दर्ज नहीं किया है।
कर्मचारी पहुंचे तो ताला टूटा था
चंदन नगर थाने पर पहुंचे व्यापारी नवेद कुरैशी ने जानकारी दी है, लेकिन पुलिस ने कोई सुध नहीं ली है। नवेद ने बताया कि उसकी नाके वाले रोड पर कपड़े की दुकान है। कुरैशी ने बताया कि मेरी दुकान पर काम करने वाले दो युवक रात में यहीं रुकते हैं। भोजन करके वे रविवार रात करीब 12.20 बजे दुकान आए। उन्होंने देखा कि दुकान का ताला टूटा हुआ था। शटर भी खुली थी। बदमाश गल्ले से पैसे और कपड़े लेकर पास में सोमईश गार्डन की दुकान से कूदकर भाग गए। जब फुटेज खंगाले तो पता चला कि बदमाशों ने काफी तोड़फोड़ भी की। कैमरे की डीवीआर तोड़ी और दुपट्टे से फिंगर प्रिंट भी मिटाए।
रामचंद्र नगर में साइकिल चोरी का प्रयास, पुलिस को फुटेज सौंपे, पर नहीं दिया ध्यान
दूसरी घटना मल्हारगंज थाना क्षेत्र स्थित रामचंद्र नगर एनएक्स की पुलिया के पास हुई है। रहवासियों ने बताया कि यहां शनिवार शाम 7.42 बजे 3 लोग बिना नंबर की बाइक से रामचन्द्र नगर एक्स की पुलिया के पास शौचालय में आकर रुके। कुछ समय बाद सामने रहने वाले मोहनलाल अग्रवाल के घर में घुसकर साइकिल चोरी करके ले जाने लगे। इस दौरान उनके घर के सामने रहने वाले परिवार ने आरोपियों को देख लिया। उन्होंने शोर मचाया तो तीनों भाग गए। इसके बाद घटना के फुटेज रहवासियोें ने थाने पर सौंपे, लेकिन पुलिस ने अभी तक सुध नहीं ली है।

Exit mobile version