दोस्त ने चोरी कर सेप्टिक टैंक के पाइप में छुपा दिए थे लाखों के जेवर और रुपये

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

व्यवसायी के बेटे का दोस्त निकला आरोपित, तीन लाख रुपये और आभूषण बरामद, पूछताछ के दौरान कर रहा था गुमराह।
पंढरीनाथ थाना पुलिस ने आठ लाख रुपये की चोरी का खुलासा किया है। व्यवसायी के बेटे के दोस्त ने ही चोरी करना स्वीकारा है। चोरी किए लाखों रुपये और आभूषण सेफ्टिक टैंक के पाइप में छुपा कर रखे थे। पुलिस ने तीन लाख रुपये व आभूषण बरामद कर लिए हैं।

जोन-4 के डीसीपी आरके सिंह के मुताबिक, 8 जुलाई को नयापीठा में मुल्ला बा की बिल्डिंग में रहने वाले शफुद्दीन कुरैशी के घर से लाखों रुपये का सोना और रुपये चोरी हुए थे। कुरैशी का मटन का व्यवसाय है। पुलिस ने बुधवार रात इस मामले में आरोपित जिबरान को गिरफ्तार कर लिया। एडीसीपी अभिनय विश्वकर्मा के मुताबिक, जिबरान कुरैशी के बेटे का दोस्त है। उसे पता था कि कुरैशी के पास लाखों रुपये नकदी रहते हैं। मौका देखकर घर से माल समेटकर ले गया। उसने पहले चोरी का माल बेचने की कोशिश की। सफल न होने पर माल की पोटली सेफ्टिक टैंक के पाइप में छुपा दी।

पहले गुमराह करता रहा, बाद में चोरी करना स्वीकारा
पुलिस ने जिबरान को दो दिन पहले ही पकड़ लिया था। टीआइ रामकुमार कोरी ने उससे पूछताछ भी की, लेकिन दबाव के कारण छोड़ दिया। फरियादी ने भाजपा नेताओं के माध्यम से अफसरों को वाकया बताया तो पुन: हिरासत में लेकर पूछताछ की। एसीपी एसकेएस तोमर को पूछताछ करने भेजा गया। आरोपित पहले गुमराह करता रहा। सख्ती करने पर टूट गया। उसने चोरी का माल भी बता दिया।

Exit mobile version