मुलजिमों को जमानत पर छुड़वा रहे थे नकली जमानतदार, दो गिरफ्तार

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

डीसीपी कोर्ट में नकली जमानतदार गिरोह सक्रिय, जिला कोर्ट में सक्रिय है दलाल पिंटू, कई मुलजिमों को फर्जी ऋण पुस्तिका से जमानत दिलवाई।

डीसीपी कोर्ट में नकली जमानतदार गिरोह सक्रिय है। पुलिस ने दो जालसाजों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित दो आरोपितों की जमानत दे रहे थे। नकली पावती बनाकर जमानत पर मुलजिमों को छुड़वा रहे थे। पलासिया थाना पुलिस ने डीसीपी कार्यालय के कर्मचारी संतोष जैन की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक, लसूड़िया पुलिस ने एक महीने पूर्व आरोपित आकाश लहरी पर धारा 110 के तहत कार्रवाई कर जोन-2 के डीसीपी अभिषेक आनंद की कोर्ट में प्रकरण प्रस्तुत किया था। 28 जून को आकाश ने अनिल पुत्र मांगीलाल को जमानतदार के रूप में प्रस्तुत किया और आकाश की जमानत दे दी। आधार कार्ड और ऋण पुस्तिका पर शक होने पर डीसीपी ने सांवेर तहसीलदार से पुस्तिका की तस्दीक करवाई गई। रिपोर्ट से पता चला कि आकाश की जमानत फर्जी पुस्तिका से दी गई है। जिस व्यक्ति ने अनिल बनकर जमानत दी, वह कोई और ही है।

दोबारा पहुंचा जमानत देने तो पकड़ा गया
बुधवार को उक्त व्यक्ति दोबारा डीसीपी कोर्ट पहुंचा और एक अन्य आरोपित नितिन तिवारी की जमानत प्रस्तुत कर दी। जमानत स्वीकृत होने के पहले ही सांवेर तहसीलदार का प्रतिवेदन पहुंच गया। डीसीपी ने तत्काल पुलिसकर्मी बुलाए और नितिन व उसके जमानतदार को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि आरोपित आकाश और नितिन ने अभिषेक उर्फ पिंटू जोशी के माध्यम से जमानतदार बुलाया था। पिंटू जिला कोर्ट में सक्रिय दलाल है। उसने कई मुलजिमों को फर्जी ऋण पुस्तिका और फर्जी जमानतदारों से रिहा करवाया है।

- Advertisement -
Exit mobile version