चाइनीज लोन एप की वसूली करने वाले दो ब्लैकमेलर दिल्ली से गिरफ्तार

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर क्राइम ब्रांच ने ऐसे बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जो चाइनीज लोन एप के लिए वसूली का काम करते थे। आरोपित महिलाओं के फोटो एडिट कर अश्लील फोटो बना लेते थे। पुलिस ने गिरोह में शामिल दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार के बदमाशों को चिह्नित किया है।

इंदौर क्राइम ब्रांच ने पिछले दिनों एक युवती की शिकायत पर अवैध वसूली का केस दर्ज किया था। मंगलवार को साइबर एक्सपर्ट ने प्रदेश के बाहर छापे मारे। बिहार के सहरसा से सीपक और बरेली से अमन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित अश्लील फोटो बनाकर लोगों से अवैध वसूली करते थे। पुलिस ने आरोपितों के मोबाइल फोन जब्त किए तो पता चला कि पूरे देश में लोगों को कॉल लगा रहे थे। इनके खिलाफ कई जगह पर शिकायतें भी दर्ज हैं।

कान्ट्रैक्ट लिस्ट के जरिए वाट्सएप करते थे अश्लील फोटो
आरोपित संगठित गिरोह के सदस्य हैं। इनका कान्ट्रैक्ट अवैध लोन एप से है। फटाफट लोन देने वाला एप ग्राहकों का फोन हैक कर डाटा-कान्ट्रैक्ट लिस्ट ले लेता था। यह लिस्ट सीपक और अमन के पास पहुंचा दी जाती थी। अमन और सीपक पहले ग्राहक से रुपयों की मांग करते थे। रुपये न देने पर आरोपित कान्ट्रैक्ट लिस्ट के आधार पर ग्राहक के रिश्तेदार और परिचितों को अश्लील फोटो भेजना शुरू कर देते थे। जिस मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी हुई, उसकी पुलिस आयुक्त मकरंद देऊस्कर को शिकायत हुई थी।

Exit mobile version