देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के कर्मचारी 2 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे। इसका असर विश्वविद्यालय की परीक्षा और रिजल्ट व्यवस्था पर नजर आएगा। 5 जून से होने वाली स्नातक प्रथम वर्ष की परीक्षाएं स्थगित की गई, जिसमें बीए, बीकाम और बीएससी के तीन से चार विषयों के पेपर शामिल हैं। वहीं, अधिकारियों ने हड़ताल की वजह से राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) से होने वाली स्नातक द्वितीय वर्ष, एलएलबी और बीएएलएलबी सहित कई पाठ्यक्रम के सेमेस्टर की परीक्षा रोक दी है। अधिकारियों ने शेड्यूल जारी नहीं किया है। उनका कहना है कि पहले फर्स्ट ईयर की स्थगित परीक्षाएं करवाएंगे। उसके बाद अन्य पाठ्यक्रम की परीक्षा रखी जाएगी।
2 जून से कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे। साथ ही एक-एक कर्मचारी व पेंशनर धारक अनशन करेंगे। कर्मचारियों के काम नहीं करने से विश्वविद्यालय की व्यवस्था बिगड़ने लगी है। परीक्षा-रिजल्ट के अलावा माइग्रेशन, डिग्री, ट्रांसक्रिप्ट, डुप्लीकेट मार्कशीट भी अटक गई। गुरुवार को कुलपति डा. रेणु जैन ने परीक्षा को लेकर आपात बैठक रखी। परीक्षा विभाग की डिप्टी रजिस्ट्रार रचना ठाकुर और सहायक कुलसचिव विष्णु मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों से चर्चा की गई।
5 से 10 जून के बीच की परीक्षा स्थगित
बैठक में फैसला हुआ कि जिन पाठ्यक्रम की परीक्षा को लेकर अन्य जिलों में केंद्र बनाए हैं, उनकी परीक्षाएं स्थगित की जाएंगी, क्योंकि उन केंद्रों पर पेपर नहीं भेजे जा सकते हैं। यह काम स्थायी कर्मचारियों को दिया जाता है। इसके चलते वहां परीक्षाएं करवाना संभव नहीं है। 5 से 10 जून के बीच की परीक्षा स्थगित कर दी गई है। इसमें बीकाम के दो, बीए और बीएससी के तीन-तीन पेपर शामिल हैं। साथ ही बीबीए, बीसीए छठे सेमेस्टर और बीएचएम आठवें सेमेस्टर की परीक्षा भी आगे बढ़ाई है।
पुराने कोर्स वाली परीक्षा में कोई फेरबदल नहीं
अधिकारियों के मुताबिक, पहले ही स्नातक प्रथम वर्ष के 27 मई से 1 जून तक होने वाली सभी परीक्षाएं आगे बढ़ाई गई हैं। ओल्ड कोर्स वाली स्नातक द्वितीय वर्ष की परीक्षा में कोई फेरबदल नहीं किया है। इन परीक्षाओं के लिए इंदौर में केंद्र रखे गए हैं। जहां कालेज प्रबंधन को बुलाकर पेपर वितरित किए जाएंगे। कुलपति डा. रेणु जैन का कहना है कि परीक्षाओं को स्थगित करने का आदेश विश्वविद्यालय ने जारी कर दिया है।
15 जून बाद लॉ की परीक्षाएं हड़ताल की वजह से एलएलबी-बीएएलएलबी की प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा के लिए विद्यार्थियों को थोड़ा ओर इंतजार करना होगा।। साथ ही बाकी सेमेस्टर की परीक्षाएं भी प्रभावित हुई हैं। अधिकारियों के मुताबिक, विधि पाठ्यक्रम की परीक्षाएं पहले कालेजों की मान्यता की वजह से अटकी थी। अब हड़ताल का परीक्षाओं पर असर पड़ा है। वैसे 15 जून बाद इनकी परीक्षाएं रखी जाएंगी।
