इंदौर के रहवासी क्षेत्र स्कीम-71 में सर्विस रोड पर कुछ समय पहले खोली गई शराब दुकान को आबकारी अधिकारियों ने हटवा दिया है, लेकिन इसी रोड पर आगे यह दुकान खोल दी गई है। इन नई जगह भी रहवासियों ने शराब दुकान का विरोध शुरू कर दिया है। शराब दुकान हटाने की मांग लेकर मंगलवार को क्षेत्र के रहवासी कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन में अधिकांश महिलाएं थीं।
रहवासियों का एक प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर इलैया राजा टी से मिला और ज्ञापन सौंपा। विरोध कर रही महिलाओं की ओर से नजरीन सैयद, शमसाद बेग और नूरजहां बी ने बताया कि शराब दुकान के पास ही दो अस्पताल हैं। पास में ही बस स्टाप है। बच्चियों को स्कूल छोड़ने महिलाएं यहां आती हैं। शराब दुकान और शराबियों के कारण बहुत असहज हालात बन जाते हैं। हमारा यहां से गुजरना मुश्किल हो गया है।
