सकल फूल माली समाज के परिचय सम्मेलन के साथ होगा कार सेवकों का सम्मान

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

इंदौर शहर में विभिन्न धार्मिक-सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों के कार्यक्रम 7 अप्रैल को आयोजित किए जाएंगे। इसमें सकल फूलमाली समाज का परिचय सम्मेलन और कार सेवकों का सम्मान भी होगा। साथ ही श्वेतांबर जैन महिला संघ का शपथ ग्रहण समारोह और श्रीनाथ मंदिर साउथ तुकोगंज में शास्त्रीय गायन आयोजित किया जाएगा।

  • सकल पंच फूल माली समाज इंदौर का स्नेह मिलन समारोह एवं परिचय सम्मेलन शाम 4 बजे से रवीन्द्र नाट्यगृह में आयोजित होगा। इस अवसर पर जूनी इंदौर स्थित समाज के मंदिर के निर्माण पर भी समाज बंधुओं के साथ महत्वपूर्ण चर्चा की जाएगी। सम्मेलन में इंदौर के अलावा आसपास के कस्बों के युवक-युवती प्रत्याशी भी शामिल होंगे। परिचय सम्मेलन में देशभर से करीब 500 युवाओं के भाग लेने का अनुमान है।
  • राम जन्म भूमि मुक्ति आंदोलन से जुड़े कार सेवकों के सम्मान की श्रृंखला में रणजीत हनुमान के बाद दूसरा आयोजन शाम 7 बजे से प्रभु नगर स्थित शिव मंदिर गार्डन पर होगा। संस्था ब्रह्म चेतना के तत्वावधान में कार्यक्रम ‘राम काज करिबे को आतुर’ की शृंखला में हो रहा है। भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूसिंह रघुवंशी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे और कार सेवकों का सम्मान कर राम जन्म भूमि मुक्ति आंदोलन से जुड़े प्रेरक संस्मरण सुनाएंगे।
  • अ.भा. श्वेतांबर जैन महिला संघ (केंद्रीय इकाई) का शपथ ग्रहण समारोह लाभ मंडपम रेसकोर्स रोड पर आयोजित किया जाएगा। इसमें अध्यक्ष शकुंतला पावेचा सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य कर्तव्य पारायणता की शपथ लेंगे। शाम 6.30 बजे हास्य नाटिका स्वयंवर और शाम 7.30 बजे शपथ विधि समारोह होगा। इस अवसर पर संघ की कार्ययोजन पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष संबोधित करेंगे।
  • साउथ तुकोगंज स्थित श्रीनाथ मंदिर संस्थान पर शास्त्रीय एवं उपशास्त्रीय संगीत तथा गायन को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से हर माह पहले या दूसरे शनिवार को शहर के कलाकारों को आमंत्रित किया जा रहा है। इस श्रृंखला में शाम 7.30 बजे से आरती के बाद संध्या दवे के गायन एवं भजन संध्या का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। सह गायिका संजना चौधरी होंगी। तबले पर विपुल शर्मा एवं हारमोनियम पर पिन्टू कसेरा संगत देंगे।
Exit mobile version