विधानसभा चुनाव और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के आगामी कार्यक्रमों को लेकर इंदौर में मध्य क्षेत्र की बड़ी बैठक एरोड्रम रोड स्थित केशव विद्यापीठ में हुई। इसमें मध्य भारत, महाकौशल, मालवा और छत्तीसगढ़ प्रांत के संघ पदाधिकारी और अनुषांगिक संगठनों के प्रमुख शामिल हुए है। इसमें पिछले दिनों हरियाणा में हुई प्रतिनिधि सभा की बैठक में लिए गए निर्णय पर कार्ययोजना बनाकर संघ शाखाएं बढ़ाने पर चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि संघ से युवा शक्ति को जोड़ने के लिए शाखाओं का विस्तार आवश्यक है। एक लाख शाखाओं का लक्षय हासिल करने के लिए मोहल्ला स्तर पर कार्यक्रम करने होंगे। इस दौरान सरसह कार्यवाह मनमोहन वैद्य, अरुण कुमार, क्षेत्रसंघ कार्यवाह अशोक सोहनी ने चारों प्रातों में संघ द्वारा चलाए जा रहे प्रकल्पों पर बात की। संघ के दो साल बाद 100 वर्ष पूरे हो रहे हैं। अभी देशभर में 60 हजार से ज्यादा शाखाएं संचालित हो रही हैं। इन्हें दो साल में एक लाख तक करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही पारिवारिक शाखाओं की शुरुआत करने पर भी बात हुई। मध्यक्षेत्र के चारों प्रांतों में शाखाओं का विस्तार किया जाएगा।
प्रभावी बनाएंगे कुटुंब प्रबोधन कार्यक्रम, बताएंगे संयुक्त परिवारों की महत्ता
इस मौके पर कुटुंब प्रबोधन कार्यक्रम को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। इस प्रकल्प के माध्यम से संघ ने परिवारों को जोड़ने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए अब मोहल्ला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें पारिवारिक एकता के महत्व को संगोष्ठी व अन्य कार्यक्रम के माध्यम से बताया जाएगा। साथ ही संघ संयुक्त परिवारों के लिए जन-जागृति लाएगा। बैठक में बाल गोकुलम संस्कार केंद्रों की गतिविधियों पर भी बात की गई।
छह माह में तैयार होगा मालवा प्रांत का कार्यालय
बैठक में क्षेत्र प्रचारक दीपक विस्पुते सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। इसमें बताया गया कि इंदौर में मालवा प्रांत का नया कार्यालय का काम चल रहा है। अगामी छह माह में यह बनकर तैयार हो जाएगा। इसका उद्घाटन संघ प्रमुख मोहन भागवत के हाथों कराने की योजना संघ बना रहा है। उद्घाटन तारीख अभी तय नहीं हुई है। इंदौर में अर्चना कार्यालय के बाद नया भवन पंथ वैद्य कालोनी में होगा।
मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में चुनाव
इस साल मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव के चलते बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार की कार्यप्रणाली और विधायकों की जनता के सामने छवि को लेकर संघ ने फीडबैक लिया था। इससे बड़ी संख्या में टिकटों का समीकरण बदल सकता है। इन तमाम विषय पर बैठक में बात हुई। इसमें भाग लेने के लिए क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, शिवप्रकाश, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन महामंत्री हितानंद सहित अन्य पदाधिकारी एक दिन पहले ही इंदौर आ गए थे।
