एक महिला ने अनवर पर दुष्कर्म, अपहरण और धमकाने के मामले पहले भी दर्ज करवाए थे। इस मामले में मिल रही धमकी।
खजराना पुलिस ने पार्षद रुखसाना के पति और पूर्व पार्षद अनवर दस्तक सहित चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपितों पर दुष्कर्म पीड़िता को ट्रक से कुचलकर मारने की धमकी देने का आरोप है। पीड़िता चंदन नगर, खजराना, देवास में भी केस दर्ज करवा चुकी है।
एसआइ मनीषा दांगी के मुताबिक, नूरानी नगर निवासी 39 वर्षीय महिला ने अनवर दस्तक के खिलाफ पिछले वर्ष दुष्कर्म, अपहरण और धमकाने के मुकदमे दर्ज करवाए थे। मामले में आरोपित को जमानत मिल चुकी है। पीड़िता ने पुलिस को लिखित शिकायत कर बताया कि 30 नवंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे वर्ल्डकप चौराहे पर अनवर का साथी जावेद पठान काले रंग के स्कूटर से आया और कहा कि पुराने केसों में अनवर से समझौता कर ले वरना किसी भी ट्रक के नीचे गिरी हुई मिलेगी। लोगों को लगेगा तेरा एक्सीडेंट हो गया और तेरी हत्या हो जाएगी।
शिकायत के बाद केस दर्ज
मामले की शिकायत पीड़िता ने जोन-2 के डीसीपी संपत उपाध्याय को की, इस पर शनिवार को अनवर दस्तक, उसके भाई सलीम दस्तक, जावेद पठान और इशहाक दस्तक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने जावेद को हिरासत में ले लिया है, जो पूर्व में भी पीड़िता को अगवा करने में शामिल रहा है।
