इंदौर में रविवार दोपहर बड़ा हादसा टल गया। डीजल भरवा रही बस में आग लग गई। आग की पलटे देख ड्राइवर बस लेकर भाग गया। थोड़ी देर हो जाती है तो पेट्रोल पंप और बस आग का गोला बन जाती। बस में लगभग 20 सवारियां थीं जो समय पर कूद गई। हालांकि उनका सामान जल गया। हादसे में ड्राइवर और क्लीनर झुलस गए।
घटना नेमावर रोड़ स्थित इंडियन पेट्रोल पंप (चितावद पेट्रोल पंप) की है। ओम शांति ट्रैवल्स की बस (एमपी 09 डीए 2264) डीजल भरवाने के लिए रुकी थी। ड्राइवर कपिल कोरकू ने टैंक खोला और पंप से नोजल लेकर डीजल भरना शुरू ही किया था कि अचानक आग की लपट निकली और कपिल धूं-धूं कर जलने लगा। कपिल ने पंप का नोजल दूर फेंका और जलता हुआ पंप से दूर भाग गया। गनीमत रही कि आग पंप तक नहीं गई और बस के टैंक में जलती रही। पंपकर्मियों ने लपटे देख शोर मचाया और यात्रियों को नीचे उतरने के लिए कहा। तभी दूसरा ड्राइवर लक्ष्मण सिंह बस में चढ़ा और बस को पंप से करीब 200 मीटर दूर लेकर आ गया। जैसे ही उसने बस खड़ी की, वह आग का गोला बन गई।
पांच हजार लीटर पानी से बुझाई आग
सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई। करीब पौन घंटे बाद पांच हजार लीटर पानी से आग पर काबू पा लिया गया। बड़ा हादसा तो टल गया, लेकिन ड्राइवर कपिल कोरकू और क्लीनर रामकृष्ण उर्फ पिंटू झुलने से घायल हो गए। कपिल को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है। डाक्टर ने 40 प्रतिशत जलना बताया है।
जरा-सी देर होती तो धमाके से दहल जाता पूरा इलाका
भंवरकुआं टीआइ शशिकांत चौरसिया के मुताबिक, बस ब्रजमोहन राठी की है जो हरदा से इंदौर(नौलखा) आ रही थी। कुछ सवारियां तीन इमली बस स्टैंड पर उतर गई थी। कुछेक को नौलखा बस स्टैंड पर उतरना था। डीजल भरवाने के दौरान कुछ लोग पानी पीने उतर गए थे। हिम्मतसिंह दसोंदी (प्रत्यक्षदर्शी) के मुताबिक, वह डीजल भरवा कर निकला था, तभी बस में आग लगते हुए देखा। ड्राइवर ने जैसे ही बस को पंप से दूर खड़ा किया, पंपकर्मी और राहगीर आग बुझाने आ गए। पास में निजी अस्पताल भी है। पंपकर्मियों ने बालू रेत डालना शुरू किया। अस्पतालकर्मी अग्निशमन यंत्र लेकर आ गए। पेट्रोल पंप पर हजारों लीटर पेट्रोल और डीजल था। जरा-सी देर हो जाती तो पूरा इलाका दहल सकता था। बस में हरदा से कुछ छात्र भी आए थे। यात्रियों का सामान और छात्रों के दस्तावेज आग में जल गए।
लंबी दूरी के कारण गर्म हो गई थी बस
टीआई के मुताबिक, बस हरदा से चलकर आई थी। संभवत: ओवर हीटिंग के कारण आग लगी है। ड्राइवर कपिल ने जैसे ही टैंक खोलकर डीजल भरना शुरू किया, अचानक भभका निकला, जिससे उसके चेहरे और कपड़ों ने आग पकड़ ली। पुलिस और फायरकर्मी आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।
