इंदौर क्राइम ब्रांच ने गैंगस्टर दुर्लभ कश्यप गैंग के बदमाश सौरभ उर्फ बिट्टू गौड़ को गिरफ्तार किया है। आरोपित कुख्यात बदमाश अनिल दीक्षित हत्याकांड में शामिल रहा है। उसकी गिरफ्तारी पर तीन हजार रुपये का इनाम घोषित था।
डीसीपी (अपराध) निमिष अग्रवाल के मुताबिक, कृष्णबाग कालोनी निवासी बिट्टू ने साथियों के साथ मिलकर न्यायनगर (हीरानगर) में अनिल दीक्षित की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में गवाह को आरोपित समझौते और कथन बदलने के लिए धमका रहा था। मामले में मल्हारगंज थाने में केस दर्ज हुआ था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गौड़ के खिलाफ हीरानगर, तेजाजी नगर, एरोड्रम, मल्हारगंज थाने में हत्या, अड़ीबाजी, जान से मारने की धमकी और हथियार तस्करी के कई केस दर्ज हैं। फरारी में ही वह दीक्षित हत्याकांड के गवाहों और फरियादियों को धमका रहा था। इस मामले में उस पर तीन हजार रुपये का इनाम भी घोषित हो चुका था।
