इंदौर के कारोबारी की पत्नी से फेसबुक पर दोस्ती:जनवरी में 36 साल की महिला को भोपाल के रास्ते दिल्ली ले गया, कई महिलाओं को फर्जी नाम से फंसाया

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read


इंदौर के एक कारोबारी की 36 वर्षीय पत्नी को नाम बदलकर धोखा देकर साथ ले जाने और रुपए ऐंठने का मामला सामने आया है। आरोपी मोहसिन दफादार निवासी पश्चिम बंगाल को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया है। कारोबारी की पत्नी उसी के पास मिली है। खुलासा हुआ है कि आरोपी ने सोशल मीडिया पर दोस्ती कर महिला को शादी का झांसा दिया और रुपए भी ऐंठ लिए। बाद में इंदौर आकर दिल्ली ले गया। गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस एक्शन में आई थी।
भंवरकुआं थाने के टीआई शशिकांत चौरसिया का कहना है कि जनवरी में कारोबारी ने आवेदन दिया था कि उनकी पत्नी लापता हो गई है। रिकॉर्ड और कॉल डिटेल खंगाले गए तो पता चला कि कारोबारी की पत्नी से पश्चिम बंगाल के मेहसिन दफादार के मोबाइल नंबर पर दो बार रुपयों का ट्रांजेक्शन हुआ है। इसी आधार पर मोबाइल लोकेशन निकाली गई तो लोकेशन दिल्ली में होना पता चली। पुलिस ने छापा मारकर आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर कारोबारी की पत्नी को बरामद किया है।
संजय बनकर दोस्ती की, पश्चिम बंगाल ले जाने की तैयारी में था
पुलिस ने बताया आरोपी के मोबाइल की जांच में उसके कई महिलाओं से चेट का खुलासा हुआ है। वह नाम बदलकर फेसबुक पर फ्रेंडशिप करता था। इंदौर की महिला से उसने संजय नाम बताकर दोस्ती की। उसने कहा था कि वह कुंआरा है और उससे शादी करना चाहता है। इस पर महिला ने इंदौर आकर मिलने की बात कह दी। जनवरी में आरोपी मेहसिन इंदौर आया। यहां से उसे वह भोपाल ले गया, उसके बाद दोनों प्लेन से दिल्ली चले गए। वहीं रुके हुए थे और कुछ दिनों में पश्चिम बंगाल शिफ्ट होने की तैयारी थी। इसके पहले पुलिस ने लोकेशन के आधार पर गिरफ्तार कर लिया है।
एक दर्जन से ज्यादा महिलाओं से मिली चैटिंग, महिला ने कराई धोखाधड़ी की शिकायत
पुलिस के मुताबिक मेहसिन की कई महिलाओं से चैटिंग की बात सामने आने के बाद कारोबारी की पत्नी ने मोहसिन पर धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई। आरोपी अपने मोबाइल से संजय, शाह आलम, मलिक जैसे नामों से फ्रेंडशिप करता था। वह नासिक में छुटपुट काम करता था।

Exit mobile version