- हमला करने वालों ने डिपो का गेट तोड़ दिया। कार्यालय में रखी कुर्सी टेबल भी तोड़ दी।
बुरहानपुर। नेपानगर के घाघरला सहित अन्य गांव से लगे जंगल की अवैध कटाई और वन भूमि पर कब्जे के 4 आरोपितों को वन विभाग ने गुरुवार को पकड़ा था। उन्हें रेणुका माता मंदिर के पास स्थित रेंज कार्यालय और डिपो में रखा गया था। देर शाम करीब 40 अतिक्रमण कारी यहां पहुंचे और वन कर्मियों से मारपीट करते हुए सभी साथियों को छुड़ा ले गए।
इस दौरान हमला करने वालों ने डिपो का गेट तोड़ दिया। कार्यालय में रखी कुर्सी टेबल भी तोड़ दी। वहां मौजूद महिला कर्मचारियों के साथ भी अभद्रता और मारपीट के आरोप हैं।
डीएफओ अनुपम शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अतिक्रमणकारियों ने सरकारी संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचाया है।
घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने लालबाग थाने सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दे दी थी।पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है लेकिन खबर लिखे जाने तक उनका सुराग नहीं लगा था।
पहले भी छुड़ा ले गए थे ट्रैक्टर
रेणुका डिपो मैं अतिक्रमणकारियों का यह दूसरा हमला है। इससे पहले करीब 3 साल पूर्व भी अतिक्रमणकारी इस डिपो से जप्त किया गया ट्रैक्टर छुड़ा ले गए थे। इस दौरान भी वन कर्मियों से झड़प हुई थी।इसके अलावा अतिक्रमणकारी वन कर्मियों पर कई बार हमले कर चुके हैं।
