बहन की डोली से पहले उठी भाई की अर्थी, मातम में बदल गईं खुश‍ियां

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

रावजी बाजार थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह 11 बजे अनुराग वर्मा पिता रमेश (19) निवासी केसर बाई का बगीचा की सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना उस वक्त की है जब वह अपनी चचेरी बहन के साथ नमकीन लेने के लिए जा रहा था।
लोडिंग वाहन का पहिया युवक के सिर पर चढ़ा,मौत

इंदौर । घर पर बहन की शादी की तैयारी चल रही थी, इस बीच सामान लेने गए भाई की मौत की खबर आ जाती है। शादी की खुशहाली का माहौल मातम में बदल गया। रावजी बाजार थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह 11 बजे अनुराग वर्मा पिता रमेश (19) निवासी केसर बाई का बगीचा की सड़क हादसे में मौत हो गई।

घटना उस वक्त की है जब वह अपनी चचेरी बहन के साथ नमकीन लेने के लिए जा रहा था। हादसे में बहन को कमर में चोट आई है। परिजन संजीव वर्मा ने बताया कि अनुराग की बड़ी बहन की शनिवार को बारात आने वाली थी। जिसकी तैयारी चल रही थी। इसी बीच घर में मातम छा गया। घटना घर से करीब 400 मीटर की दूरी पर घटित हुई है।
घटना की प्रत्यक्षदर्शी रही बहन श्वेता ने बताया कि हम दोनों स्कूटी से नमकीन लेने के लिए छावनी जा रहे थे। हमारे साथ लोडिंग वाहन भी चल रहा था। तभी वहां एक ओर वाहन आ गया। जिसे बचाने के चक्कर में वाहन चालक ने गाड़ी हमारी साइड ले ली, जिसकी टक्कर से हम दोनों स्कूटी से नीचे गिर गए।

वाहन का अगला पहिया भाई के सिर पर चढ़ गया। जिसके बाद उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक का एक बड़ा और एक छोटा भाई भी है। वह ट्रांसपोर्ट आफिस में काम करता था। पुलिस ने बताया कि लोडिंग वाहन को जब्त कर लिया है। वाहन चालक को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरु कर दी है।

- Advertisement -
Exit mobile version