अहिल्या की नगरी में छत्रपति शिवाजी महाराज की 392वीं जयंती का उल्लास शनिवार को नजर आया। लहराती भगवा ध्वजा और जय भवानी…जय शिवाजी के जयघोष के बीच शिवाजी वाटिका स्थित प्रतिमा दो दर्जन से अधिक संगठनों ने माल्यार्पण किया। इस मौके पर पारंपरिक वेषभूषा में सैकड़ों मराठी भाषी जुटे और छत्रपति का अभिषेक पूजन किया। इस अवसर पर श्रमिक क्षेत्र से दो वाहन रैली निकाली गई। इसमें शिवाजी महाराज का पराक्रम नजर आया और वाहन पर पारंपरिक वेषभूषा में निकला सैकड़ों लोगों हुजूम आकर्षण का केंद्र बना। इसके साथ प्रतिमा स्थल पर दीप सज्जा भी की गई।
क्षत्रिय मराठा नवनिर्माण सेना द्वारा लवकुश आवास विहार से वाहन रैली निकाली गई। इसमें सैंकड़ों लोग पारंपरिक वेषभूषा में शामिल हुए। महिलाएं और युवतियां वीरांगनाओं की वेशभूषा में शामिल हुई। इसमें पांच साल के बच्चों से लेकर 60 वर्ष के बुजुर्ग भी उत्साह के साथ शामिल हुए। रैली के अगले हिस्से में कलाकारों द्वारा पवाड़े की प्रस्तुति भी दी जा रही थी जो मार्ग में आकर्षण का केंद्र रही। प्रदेशाध्यक्ष चन्द्रकांत कुंजीर व मिलिंद दीघे ने बताया कि रैली की शुरुआत अण्णा महाराज ने शिवाजी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण कर की।
युवा वाहन पर जय भवानी..जय शिवाजी के नारे लगाते व अपने हाथों में भगवा ध्वज लेकर वाहन पर सवार थे। रैली हीरा नगर, परदेशीपुरा, राजकुमार मील, रीगल, मधुमिलन, एमवाय अस्पताल होते हुए शिवाजी प्रतिमा पहुंची। रैली के समापन के बाद समाज के वरिष्ठजनों द्वारा शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके जीवन के प्रेकर प्रसंग पर संबोधित भी किया। इस अवसर पर विनय बाकलीवाल, चिंटू चौकसे, मोहन सेंगर, राजू भदौरिया, विशाल पटेल, अर्चना जायसवाल, विनिता पाठक, अनिल वराट, नितिन बामदले, निहारिका कुंजीर, रचना सूपेकर, संगीता काले, कविता गौरे आदि मौजूद थे।
150 लोगों ने बजाए ढोल, उमड़ा सैकड़ों लोगों का हुजूम
सर्व मराठी भाषी सोशल एंड कल्चर सोसायटी द्वारा वाहन रैली राजमाता जीजाऊ आईसाहेब चौक परदेशीपुरा से शिवाजी प्रतिमा तक निकाली गई। वाहन रैली में सैकड़ों की संख्या में महाराष्ट्रीयन समाजजन का हुजूम उमड़ा। समाजजन सुबह सात बजे से एकत्रित होना शुरू हो गए थे। पारंपरिक वेषभूषा में सवार होकर जैसे समाजजनों का लंबा काफिला वाहन पर सवार होकर निकला लोगों के आकर्षण का केंद्र था।150 ढोल वादकों ने ढोल बजा रहे थे। रैली पाटनीपुरा, मालवा मिल चौराहा, गीता भवन चौराहा, मधुमिलन चौराहा होते हुए प्रतिमा स्थल पहुंचे। यहां पहुंचकर माल्यार्पण किया गया। इस मौके पर विधायक रमेश मेंदोला, विधायक आकाश विजयवर्गीय, नवनाथ कोल्हे, गजानंद गावड़े आदि मौजूद थे।
माल्यर्पण कर बताई छत्रपति की महिमा
मप्र क्षत्रिय मराठा मंडळ एवं छत्रपति शिवाजी प्रतिष्ठान के संयुक्त तत्वावधान में जयंती राष्ट्रीय एकता एवं सद्भावना दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर शिवाजी प्रतिमा पर माल्यर्पण किया गया। इसके बाद छत्रपति की महिमा का वर्णन किया गया। इस मौके पर अध्यक्ष मनोहर पवार व सचिव बबन कदम आदि मौजूद थे। संस्था शिवराय क्षत्रिय मराठा संघ द्वारा प्रतिमा पर दीप जलाए गए।
दिया सामाजिक कुरतियों को दूर करने का मंत्र
अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय समाज द्वारा शिवाजी जयंती पर प्रतिमा स्थल पहुंचकर माल्यार्पण किया गया। इस मौके पर अतिथियों ने कहा कि शिवाजी महाराज ने सामाजिक कुरतियों को दूर करने का मंत्र दिया है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष धर्मचंद कश्यप, नगर अध्यक्ष प्रशांत गौर, विजय कटिहार, सुनील चौधरी आदि मौजूद थे।
