मध्यप्रदेश में भले ही अपराधों का ग्राफ बढ़ रहा हो और सीएम शिवराज सिंह चौहान अपराधो पर नियंत्रण के लिए इंदौर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को फटकार लगाते हो लेकिन कुछ ऐसे मामले भी है जिनमे इंदौर का पूर्वी थाना क्षेत्र मध्यप्रदेश में लीड कर रहा है। वही शहर के पूर्वी क्षेत्र का राउ थाना एक विशेष क्षेत्र में पिछले 4 माह से समूचे प्रदेश में नम्बर 1 पर काबिज है।
दरअसल, हम यहां बात कर रहे है उन शिकायतों की जिनको पर कई बार पुलिस गंभीरता से नही लेती है लिहाजा, फरियादी सीधे सीएम हेल्पलाइन नम्बर पर शिकायत करता है जिसके बाद संबंधित क्षेत्र के थानों को पूरी तल्लीनता से शिकायतो के निराकरण के लिए काम करना पड़ता है और इन्ही मामलों में इंदौर के पूर्वी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले थानों पर शिकायतों का निवारण तेजी से किया जा रहा है। ये ही वजह है 1 जून से लेकर 31 अगस्त तक इंदौर की पूर्वी क्षेत्र की पुलिस ने सीएम हेल्पलाइन पर होने वाली शिकायतो के निवारण को 88.5 प्रतिशत तक निपटारा किया है।
इन्दौर में जून से लेकर अगस्त माह की रिपोर्ट के हिसाब से पूर्वी क्षेत्र एसपी आशुतोष बागरी के अधीन आने वाले 18 थाना क्षेत्रों में कुल 2280 शिकायतें सीएम हेल्पलाइन तक गई थी जिनमे L-1 श्रेणी की 1835 और इसके अतिरिक्त 136 शिकायतो का निवारण किया गया है। वही आंशिक रूप से बंद सहित अन्य शिकायतो को मिलाकर कुल 2018 शिकायतो का निवारण पुलिस द्वारा किया गया है।
इंदौर पूर्वी क्षेत्र के एसपी आशुतोष बागरी ने बताया कि हमारी कोशिश रही है कि हर शिकायत का निवारण फरियादी को मिले और इसी का परिणाम है कि सीएम हेल्पलाइन पर की गई 90 प्रतिशत तक के निराकरण के मामलों में पूर्वी थाना क्षेत्र के राउ, बाणगंगा और लसूड़िया प्रदेश में टॉप 10 पर रहे है। उन्होंने बताया कि राउ थाना पुलिस तो पिछले 4 माह से इस मामले में प्रदेश में नम्बर 1 पर काबिज है।


